Meerut News : नौचंदी मेले का भव्य शुभारंभ, प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया उद्घाटन

Meerut News : मेरठ में ऐतिहासिक नौचंदी मेले का भव्य शुभारंभ, मंत्री धर्मपाल सिंह ने उद्घाटन कर सांस्कृतिक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

Sushil Kumar
Published on: 13 May 2026 10:13 PM IST
Meerut News : नौचंदी मेले का भव्य शुभारंभ, प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया उद्घाटन
X

Meerut News : ऐतिहासिक और प्रांतीयकृत नौचंदी मेला 2026 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हो गया। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने पटेल मंडप पहुंचकर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे मेला परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई सरकारी योजनाओं की विकासपरक प्रदर्शनी का भी मंत्री ने उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मंत्री ने विभाग की ओर से किए जा रहे प्रचार-प्रसार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां आमजन को योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने पटेल मंडप में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता जागरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु देर रात तक माता के भजनों में डूबे नजर आए।मंत्री ने मेले का भ्रमण कर दुकानों, सांस्कृतिक मंचों और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि नौचंदी मेला मेरठ की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। यह मेला सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर इसकी गरिमा बढ़ाने की अपील की।कार्यक्रम में अमित अग्रवाल, गुलाम मोहम्मद, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story