TRENDING TAGS :
Meerut News: घायल युवक की मदद को रुके प्रभारी मंत्री असीम अरुण, अस्पताल पहुंचाकर कराया उपचार
Meerut News: मेरठ में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सड़क पर घायल युवक को देखकर अपना काफिला रोका और उसे अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। घटना की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ने शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में घायल युवक की सहायता कर संवेदनशीलता का परिचय दिया। बिजली बंबा बाईपास पर हुए हादसे में एक युवक घायल हो गया था, जिसे मंत्री की तत्परता से समय पर उपचार मिल सका।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकित चौधरी के अनुसार शनिवार देर रात बिजली बंबा बाईपास पर एक टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ऋतिक नामक युवक घायल हो गया। इसी दौरान प्रभारी मंत्री असीम अरुण का काफिला वहां से गुजर रहा था। दुर्घटना देखकर उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंत्री स्वयं वाहन से उतरकर स्थानीय लोगों के साथ पलटे वाहन को सीधा कराने में जुट गए। इसके बाद उन्होंने घायल युवक की स्थिति की जानकारी ली और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
अस्पताल पहुंचने पर मंत्री ने चिकित्सकों से घायल के समुचित उपचार के लिए कहा। उनकी तत्परता के कारण घायल युवक को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने मंत्री के इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि अक्सर सड़क हादसों में लोग तमाशबीन बने रहते हैं, लेकिन असीम अरुण ने स्वयं रुककर सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की। घायल युवक का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में मंत्री असीम अरुण के मानवीय व्यवहार की चर्चा रही और लोगों ने उनकी संवेदनशीलता की सराहना की।


