TRENDING TAGS :
Meerut News: व्यापारी सम्मेलन में सपा का चुनावी बिगुल, अक्षय जैन को प्रत्याशी बनाने की मांग
Meerut News: मेरठ में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में समाजवादी पार्टी ने 2027 चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की। सम्मेलन में अक्षय जैन 'अरिहंत' को मेरठ दक्षिण से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग भी उठी।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने रविवार को मेरठ में आयोजित व्यापारी स्वाभिमान मंडलीय सम्मेलन के जरिए राजनीतिक माहौल गर्माने की कोशिश की। वेस्टर्न रोड स्थित रंगमहल बैंक्वेट में आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर व्यापारियों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। सम्मेलन में व्यापारियों की सुरक्षा, बढ़ते अपराध, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ी कानून-व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों को राहत मिलेगी और विकास व सामाजिक सद्भाव का नया दौर शुरू होगा।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग अब बदलाव का मन बना चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में व्यापारियों को सम्मान और निर्भीक माहौल मिला था तथा चुंगी और इंस्पेक्टर राज जैसी व्यवस्थाओं को समाप्त किया गया था।
राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन ने जैन समाज और उसके धार्मिक स्थलों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि समाज अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। सम्मेलन के संयोजक एवं सपा के प्रदेश सचिव अक्षय जैन 'अरिहंत' ने प्रदेश में व्यापारियों के साथ बढ़ रही लूट, डकैती और मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराध को जाति या धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि अपराध के रूप में देखा जाना चाहिए। साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प दोहराया।
सम्मेलन के दौरान जैन एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम संबोधित ज्ञापन राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन को सौंपकर अक्षय जैन 'अरिहंत' को मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किए जाने की मांग भी उठाई। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अजय चौरसिया, प्रदेश मुख्य महासचिव यासिर सिद्दीकी, व्यापार सभा के कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, हरप्रीत आहूजा, निपुण अग्रवाल, मृदुला यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, महिला प्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।


