TRENDING TAGS :
Meerut News: मुठभेड़ में तीन पशु चोर दबोचे, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली; भैंसा चोरी का खुलासा
Meerut News: पुलिस मुठभेड़ में तीन कथित पशु चोर गिरफ्तार हुए। हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी और भैंसा चोरी के मामले का खुलासा हुआ।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: मुण्डाली थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान चल रही सघन चेकिंग के बीच पुलिस और कथित पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी एक सप्ताह पहले क्षेत्र से भैंसा चोरी कर उसे 29 हजार रुपये में बेच चुके थे और दोबारा वारदात की फिराक में घूम रहे थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (किठौर) सौम्या अस्थाना ने शुक्रवार सुबह बताया कि गुरुवार रात मुण्डाली थाना पुलिस जिसौरा-जिसौरी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस कर्मियों को टक्कर मारते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान मुण्डाली के जिसौरा निवासी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र के रूप में हुई है। उसके साथ गाजियाबाद के डासना निवासी तहसीन और मुण्डाली निवासी मारूफ को भी गिरफ्तार किया गया है। सीओ के अनुसार जितेंद्र के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 11,400 रुपये बरामद हुए। वहीं तहसीन के कब्जे से 3,320 रुपये, मारूफ से 2,500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। कुल 17,220 रुपये की नकदी पशु चोरी से संबंधित बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले मुण्डाली क्षेत्र से एक भैंसा चोरी कर उसे 29 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिर से पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी जितेंद्र थाना मुण्डाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


