TRENDING TAGS :
Meerut News: ओडीओपी योजना से मेरठ के खेल उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, 14.5 करोड़ की सब्सिडी का लक्ष्य
Meerut News: मेरठ के खेल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ओडीओपी योजना में 14.5 करोड़ रुपये सब्सिडी का लक्ष्य तय, 360 उद्यमियों को मिलेगा लाभ।
ओडीओपी योजना से मेरठ के खेल उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, 14.5 करोड़ की सब्सिडी का लक्ष्य (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ, 24 मई। खेल सामग्री निर्माण के लिए देशभर में पहचान रखने वाले मेरठ के उद्योगों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के तहत इस बार जिले के खेल सामग्री उद्योग के लिए 14.5 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना के जरिए पुराने उद्यमियों के साथ नए कारोबारियों को भी लाभ मिलेगा।
उद्योग विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की ओर से ऋण पर 20 से 25 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। छोटी परियोजनाओं पर 25 प्रतिशत और बड़ी परियोजनाओं पर 20 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलेगी। अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। चालू वित्त वर्ष में करीब 360 लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना का लाभ लेने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
उप आयुक्त उद्योग अमरेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक उद्यमियों को एमएसएमई की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की जांच के बाद जिला उद्योग केंद्र संबंधित बैंकों को प्रस्ताव भेजेगा। उद्यमियों को उनकी पसंद के बैंक से ऋण लेने की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना से मेरठ के खेल उद्योग को नई दिशा मिलेगी और नए उद्यमियों को कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत उद्यमियों को प्रशिक्षण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि अनुदान राशि ऋण स्वीकृति के समय तय कर दी जाएगी, लेकिन इसे लाभार्थी दो वर्ष बाद ही अपने खाते से निकाल सकेंगे। विभाग का मानना है कि इससे उद्योगों का संचालन बेहतर तरीके से जारी रह सकेगा।


