TRENDING TAGS :
Meerut News: ओवैसी का दावा 2027 में योगी को हटाकर मोदी को देंगे चुनौती
Meerut News: मेरठ की सभा में ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को सीएम बनाने की अपील की। किसानों की कर्जमाफी, गन्ने का भाव, रोजगार और शिक्षा को प्रमुख मुद्दे बताया। महंगाई पर भी बोले।
ओवैसी का दावा 2027 में योगी को हटाकर मोदी को देंगे चुनौती (Photo- Newstrack)
Meerut News: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को मेरठ में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को सत्ता से हटाएंगे और फिर दिल्ली में नरेन्द्र मोदी को हटाने की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने लोगों से एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन को समर्थन देने तथा चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
नौचंदी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि भाजपा को रोकने की ताकत उनके गठबंधन में है। उन्होंने कहा, ''2027 के चुनाव में मेरठ से एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर विधानसभा भेजें। अब राजनीतिक चेतना जाग चुकी है। किसी राजनीतिक पार्टी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे और न ही किसी से भीख मांगेंगे।''
ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का भावी मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री बनने से रोकना है तो सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को कामयाब करना होगा। उन्होंने गठबंधन को दिलों का मिलन बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और गन्ना किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव देने के साथ 10 महीने में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
ओवैसी ने भाजपा के एक नेता की ओर से गठबंधन को 'मूंछ वाले और दाढ़ी वाले' गठबंधन बताए जाने पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''मैं कह रहा हूं कि इसका नुकसान क्लीन शेव वाले चेहरे को होगा। तुम हमको छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।'' उन्होंने 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब चंद्रशेखर आजाद और वह मिलकर भाजपा को चुनौती देंगे।
एआईएमआईएम प्रमुख ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि दंगों में 50 हजार लोग बेघर हुए थे, लेकिन तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार ने पीड़ितों की मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि सपा के 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दंगा पीड़ित परेशान थे, तब अखिलेश यादव सैफई में मुंबई से आए कलाकारों का कार्यक्रम देख रहे थे। अखिलेश के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसका असली मतलब 'पलट दिया अखिलेश' है।
ओवैसी ने मई 1987 में मेरठ के हाशिमपुरा और मलियाना की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि हाशिमपुरा में 42 और मलियाना में 72 मुस्लिमों की हत्या कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी।
उन्होंने प्रदेश में रोजगार, शिक्षा, किसानों के हित और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की स्थापना को प्रमुख मुद्दा बताते हुए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस और सपा के नेताओं से भी मोर्चे में शामिल होने का आह्वान किया। ओवैसी ने कहा, ''हम अपना नुकसान उठाकर भी आपको जगह देने के लिए तैयार हैं।'' उन्होंने दलितों और कमजोर वर्गों से भी गठबंधन का हाथ थामने की अपील की।
ओवैसी ने प्रदेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और पुलिस मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए इंडिया हेट लैब के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि देश में हुई करीब 670 हेट स्पीच की घटनाओं में 75 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में हुईं। उन्होंने मार्च 2017 से दिसंबर 2024 के बीच प्रदेश में 233 लोगों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने का दावा करते हुए कहा कि इनमें 70 प्रतिशत मुस्लिम थे। उन्होंने अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच 31 जिलों में 85 स्थानों पर 105 मुसलमानों को गोली मारे जाने का भी दावा किया।
उन्होंने संभल के नईम गाजी, मोहम्मद अयान, बिलाल अंसारी और मोहम्मद कैफ का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा के नेता इन मामलों को अपने मंचों से नहीं उठाते। उन्होंने सुमित गुर्जर, विकास दुबे और पुष्पेंद्र यादव के मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि वह हर तरह के फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने पर प्रदेश में 'रूल बाय गन' के बजाय 'रूल बाय लॉ' होगा।
ओवैसी ने मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों पर कार्रवाई तथा मॉब लिंचिंग की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में 350 धार्मिक स्थलों की निशानदेही कर उन्हें सील या ध्वस्त किया गया। उन्होंने श्रावस्ती में 104 मदरसों और एक मस्जिद को निशाना बनाए जाने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने फिरोज कुरैशी, मोहम्मद फरीद और संभल के अनस सहित कई लोगों की कथित मॉब लिंचिंग में मौत का मुद्दा उठाया।
ओवैसी ने कहा कि अगर लोग नहीं चाहते कि झूठे आरोपों में निर्दोष युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो तो उन्हें एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा, ''हम हाथ बढ़ा रहे हैं, आप अपना हाथ हमारे हाथ में दे दीजिए। इंशा अल्लाह, हम इस नाइंसाफी का खात्मा करेंगे।'' उन्होंने लोगों से 2027 के चुनाव में डर के बजाय उम्मीद, मोहब्बत और भरोसे के आधार पर मतदान करने की अपील की। महंगाई का मुद्दा उठाते हुए ओवैसी ने कहा कि आलू, प्याज, खाद्य तेल, चिकन और मटन सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके गठबंधन की सरकार बनी तो महंगाई पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
सभा में भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह भी मौजूद थे। ओवैसी ने मंच पर उनका स्वागत किया और बताया कि चंद्रशेखर आजाद व्यस्तता के कारण सभा में शामिल नहीं हो सके। मंच पर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों ने ओवैसी को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। उनके पहुंचने से पहले समर्थक मंच के नीचे नकली नोट उड़ाते नजर आए। ओवैसी के नाम के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने हवा में नकली नोट भी उछाले।


