TRENDING TAGS :
Meerut News: हथकड़ी निकालकर फरार वारंटी गिरफ्तार, पुलिस टीम पर की फायरिंग
Meerut News: नौचंदी थाने से फरार आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, नौचंदी ग्राउंड में पुलिस टीम पर चलाई गोली, भागने के दौरान गिरने से हाथ में लगी चोट।
हथकड़ी निकालकर फरार वारंटी गिरफ्तार, पुलिस टीम पर की फायरिंग (Photo- Newstrack)
Meerut News: नौचंदी थाने के कार्यालय से हथकड़ी निकालकर फरार हुआ वारंटी सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, नौचंदी ग्राउंड में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद भागने की कोशिश में गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने उसे अशोक की लाट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरशद उर्फ जोजो निवासी ढवाई नगर नौचंदी थाने में दर्ज चोरी के एक मुकदमे में वारंटी था। सोमवार सुबह वह पुलिस अभिरक्षा में थाने के कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान हाथ से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 261 और 262 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस का दावा
आरोपी की तलाश में थाना नौचंदी पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। पुलिस को सूचना मिली कि अरशद नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने लगा। इसी दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट आ गई। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और आयुध अधिनियम की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी अरुण भाटी के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक छैल बिहारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


