Meerut News: गन्ना उपआयुक्त राजीव राय का फिर तबादला, गोरखपुर भेजे गए

Meerut News: मेरठ मंडल में विवादों और किसान संगठनों की नाराजगी के बीच गन्ना उपआयुक्त राजीव राय का फिर तबादला कर गोरखपुर भेजा गया, चर्चाएं तेज हुईं।

Sushil Kumar
Published on: 31 May 2026 10:17 PM IST
Sugarcane Deputy Commissioner Rajiv Rai sent back to Gorakhpur
X

गन्ना उपआयुक्त राजीव राय का फिर तबादला, गोरखपुर भेजे गए Photo- Newstrack

Meerut News: मेरठ,31 मई।। उप गन्ना आयुक्त राजीव राय का एक बार फिर तबादला कर उन्हें गोरखपुर भेज दिया गया है। शासन के इस निर्णय के बाद गन्ना विभाग और सहकारी गन्ना समितियों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार राजीव राय पहले भी गोरखपुर में तैनात रह चुके हैं और अब उन्हें पुनः वहीं भेजा गया है।

राजीव राय का कार्यकाल मेरठ मंडल में लगातार विवादों से घिरा रहा। किसान संगठनों ने उन पर किसान हितों की अनदेखी करने और समस्याओं के समाधान में उदासीनता बरतने के आरोप लगाए थे। इन्हीं आरोपों को लेकर पिछले वर्षों में कड़ाके की सर्दी के दौरान गन्ना भवन परिसर में किसानों ने लगातार आठ दिन तक धरना-प्रदर्शन किया था। उस समय किसानों ने उनके स्थानांतरण की मांग उठाई थी, जिसके बाद उन्हें गोरखपुर भेज दिया गया था।

राजीव राय के कार्य व्यवहार से कर्मचारियों के बीच असंतोष

हालांकि बाद में उनकी मेरठ में वापसी हो गई थी, लेकिन किसान संगठनों और विभागीय कर्मचारियों के बीच असंतोष की चर्चाएं लगातार बनी रहीं। विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कई कर्मचारी भी उनके कार्य व्यवहार से संतुष्ट नहीं थे। तबादले की सूचना आने के बाद कुछ गन्ना समितियों में कर्मचारियों ने खुशी जताई। चर्चा है कि एक समिति में उनके स्थानांतरण की खुशी में लड्डू तक बांटे गए।

हालांकि शासन की ओर से तबादले के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। वहीं, राजीव राय की ओर से भी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उधर, किसान संगठनों का कहना है कि नए अधिकारी की नियुक्ति के बाद गन्ना किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद बढ़ी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मेरठ मंडल में उप गन्ना आयुक्त के पद पर किस अधिकारी की तैनाती की जाती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story