TRENDING TAGS :
रक्षाबंधन पर नमो भारत की बढ़ेगी रफ्तार, हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन, 47 फेरे अतिरिक्त
Meerut News: 27-28 अगस्त को दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 47 अतिरिक्त ट्रिप्स चलेंगी, यात्रियों को हर 8 मिनट में नमो भारत ट्रेन मिलेगी।
Raksha Bandhan 2026
Meerut News: रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। 27 और 28 अगस्त को दोनों दिन 47 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स संचालित की जाएंगी। इसके बाद यात्रियों को हर आठ मिनट में नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी।
एनसीआरटीसी के मुताबिक अतिरिक्त ट्रिप्स पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच संचालित होंगी। इससे त्योहार के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और ट्रेन के लिए प्रतीक्षा समय भी कम होगा।
रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं के अलावा परिवार के साथ रिश्तेदारों से मिलने जाने वाले लोगों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। बच्चों, बुजुर्गों और सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त ट्रिप्स राहत देंगी। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण कई लोगों को लंबे सप्ताहांत का लाभ भी मिलेगा।
त्योहारों के दौरान सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में नमो भारत तेज और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराती है। एनसीआरटीसी ने कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन की फ्रीक्वेंसी को और बढ़ाया जा सकता है।
नमो भारत दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच तेज, भरोसेमंद और आरामदायक कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही है। अतिरिक्त ट्रिप्स से रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को सुगम यात्रा के साथ सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा।


