Meerut News: रालोद ने विवेक बाफर को मेरठ महानगर की कमान सौंपी, अब नई टीम दिसंबर में

Meerut News: राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित विवेक बाफर का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने एक दिसंबर को नई कार्यकारिणी और चौधरी चरण सिंह पर प्रदर्शनी की घोषणा की खास।

Sushil Kumar
Published on: 10 Nov 2026 8:34 PM IST
Meerut Metropolitan Municipality to Vivek Baffer, now new team in December
X

रालोद ने विवेक बाफर को मेरठ महानगर की कमान सौंपी, अब नई टीम दिसंबर में (Photo- Newstrack)

Meerut News: राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित विवेक बाफर को राष्ट्रीय लोकदल ने मेरठ महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के अनुमोदन के बाद हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने उनकी नियुक्ति की। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मंगलवार को महानगर में जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई।

स्वागत का सिलसिला गोडविन कॉलोनी स्थित विवेक बाफर के आवास से शुरू हुआ। वहां से दिल्ली-देहरादून बाईपास तक विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कंकरखेड़ा में जिला व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अभि सिंघल और कुटिया पर अनंत खेपड़ ने अपने साथियों के साथ उनका अभिनंदन किया।

इसके बाद रालोद के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज के नेतृत्व में स्वागत समारोह हुआ। इसमें नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष के साथ क्षेत्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों का भी सम्मान किया गया।

संगठन विस्तार को लेकर बनाया रोडमैप

समारोह में विवेक बाफर ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। वह आजीवन रालोद की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि एक दिसंबर को महानगर कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर एक से 23 दिसंबर तक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से चौधरी चरण सिंह के विचारों और नीतियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे। वक्ताओं ने संगठन को महानगर से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने और चौधरी चरण सिंह की विचारधारा तथा चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद, नरेंद्र खजूरी, विनय प्रधान, संगीता दोहरे, आतिर रिजवी, ऋचा सिंह, दिलप्रीत कोहली, कर्नल ब्रह्मपाल तोमर, प्रताप लोईया, दीपक गून, दीपक तोमर, मतलूब गौड़, अरविंद तोमर और वैभव तोमर सहित क्षेत्रीय एवं जिला कमेटियों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story