Meerut News: रालोद ने खेल के मैदान से साधा युवा कनेक्ट, आर्यन सिंह को बड़ी जिम्मेदारी

Meerut News: रालोद ने आर्यन सिंह को यूपी खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव बनाया, खिलाड़ियों और युवाओं को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी दी।

Sushil Kumar
Published on: 11 Aug 2026 9:43 PM IST
Meerut News: रालोद ने खेल के मैदान से साधा युवा कनेक्ट, आर्यन सिंह को बड़ी जिम्मेदारी
X

Meerut News

Meerut News: सियासत में युवा वोटरों की अहमियत बढ़ने के साथ राष्ट्रीय लोकदल ने भी अब खेल के मैदान से युवा कनेक्ट मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने आर्यन सिंह को खेल प्रकोष्ठ की उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश सचिव बनाकर उन्हें प्रदेश में खिलाड़ियों और युवाओं के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को रालोद की युवा चेहरों को आगे लाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

जिम्मेदारी मिलते ही आर्यन सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए साफ किया कि उनका फोकस सिर्फ संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच दिलाना, खिलाड़ियों की समस्याओं को सामने लाना और युवाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

गांव की प्रतिभा से मैदान तक, अब आवाज उठाने का दावा

आर्यन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। गांव-कस्बों से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन कई बार संसाधनों और अवसरों की कमी उनके रास्ते में आ जाती है। उन्होंने कहा कि खेल प्रकोष्ठ ऐसे खिलाड़ियों की समस्याओं को समझकर उन्हें संगठन और सरकार के सामने प्रभावी ढंग से उठाएगा।उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का भी मजबूत जरिया है। इसी सोच के साथ युवाओं के बीच काम किया जाएगा।

संगठन विस्तार के साथ सियासी संदेश भी

रालोद के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में युवा और ग्रामीण मतदाता महत्वपूर्ण आधार रहे हैं। ऐसे में खेल प्रकोष्ठ को सक्रिय कर खिलाड़ियों और युवाओं के बीच पैठ बढ़ाने की कोशिश पार्टी के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक, दोनों लिहाज से अहम मानी जा रही है। आर्यन सिंह को मिली जिम्मेदारी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।आर्यन सिंह ने कहा कि चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में रालोद युवाओं, किसानों, श्रमिकों और ग्रामीण समाज के मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह पूरी ऊर्जा के साथ खेल प्रतिभाओं और युवाओं के हित में काम करेंगे।आर्यन सिंह की नियुक्ति पर रालोद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story