Meerut News: नौकरी की तलाश है तो तैयार रहें मेरठ के युवा, 12 ब्लॉकों में लगेगा रोजगार मेला

Meerut News: सब हेडिंग: मेरठ के 12 विकासखंडों में रोजगार मेले लगेंगे, जहां सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर के 200 पदों पर भर्ती होगी और चयनित युवाओं को 15 से 25 हजार रुपये वेतन मिलेगा।

Sushil Kumar
Published on: 18 Aug 2026 8:01 PM IST
Meerut youth, job fair to be held in 12 blocks
X

नौकरी की तलाश है तो तैयार रहें मेरठ के युवा, 12 ब्लॉकों में लगेगा रोजगार मेला (Photo- Social Media)

Meerut News: नौकरी की तलाश कर रहे मेरठ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का मौका घर की चौखट तक पहुंचने वाला है। जिले के 12 विकासखंडों में लगने वाले रोजगार मेलों में सुरक्षा जवान और सुरक्षा सुपरवाइजर के 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि चयनित युवाओं को 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी, नई दिल्ली की ओर से आयोजित इस भर्ती में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास युवा शामिल हो सकेंगे। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि रोजगार मेलों का मकसद स्थानीय स्तर पर युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ना है।

17 अगस्त से शुरू हुआ सिलसिला

रोजगार मेलों की शुरुआत रजपुरा में 17 और 18 अगस्त से होगी। इसके बाद खरखौदा में 19-20 अगस्त, माछरा में 21-22 अगस्त और सरूरपुर में 24-25 अगस्त को शिविर लगाया जाएगा।

सितंबर में भी रोजगार मेलों का सिलसिला जारी रहेगा। सरधना में एक-दो सितंबर, दौराला में तीन और पांच सितंबर, रोहटा में सात-आठ सितंबर, जानी में नौ-10 सितंबर, मवाना में 11-12 सितंबर, परीक्षितगढ़ में 16-17 सितंबर, हस्तिनापुर में 18-19 सितंबर और मेरठ विकासखंड में 21-22 सितंबर को भर्ती शिविर आयोजित होगा।

सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौका

सभी रोजगार मेले सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को समय से पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की सलाह दी गई है।

पंजीकरण के बिना मौका नहीं

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके साथ ही शैक्षिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचना होगा।

विभाग के मुताबिक, ब्लॉक स्तर पर भर्ती मेले आयोजित होने से उन युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिलेगा, जिन्हें नौकरी की तलाश में दूर शहरों का रुख करना पड़ता है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story