Meerut News: दुष्कर्म के आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा, पुल से गिरकर पैर और हाथ में लगी

Meerut News: निर्माणाधीन अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, भागने की कोशिश में पुल से गिरकर घायल हुआ आरोपी, तमंचा और कारतूस बरामद।

Sushil Kumar
Published on: 25 Nov 2026 4:16 PM IST
Salman, accused of the crime, was caught by police in an encounter
X

दुष्कर्म के आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा, पुल से गिरकर पैर और हाथ में लगी (Photo- Newstrack)

Meerut News: सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक होटल में युवती से दुष्कर्म और उसे बंधक बनाने के मामले में वांछित सलमान को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश के दौरान वह निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने मुठभेड़ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि लोहिया नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि सलमान नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक मौजूद है। टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह पुल पर चढ़कर भागने लगा और नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

युवती ने होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म का लगाया आरोप

पुलिस के मुताबिक, एक हिंदू युवती ने मुस्लिम युवक सलमान पर मारपीट, बंधक बनाने और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर सदर बाजार थाने में 24 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, सलमान 23 नवंबर की रात युवती को मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की और कमरे में बंधक बना लिया। युवती का आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया था। अगले दिन वह किसी तरह होटल से बाहर निकली और शोर मचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने सलमान की पिटाई की, जिसके बाद वह फरार हो गया। युवती ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।

होटल सील, पुलिस की भूमिका की भी जांच

एसएसपी ने बताया कि घटना सामने आने के बाद संबंधित होटल को साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए सील किया गया है। होटल को स्थायी रूप से सील कराने के लिए जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण और कैंटोनमेंट बोर्ड को पत्र भेजे गए हैं। होटल प्रबंधक और आरोपी के कुछ परिजनों से भी पूछताछ की गई है। मामले की जांच के लिए एसपी सिटी के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गई हैं। घटना में पुलिस की किसी स्तर पर लापरवाही की भी जांच कराई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 64(2), 62(2) और एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(5) समेत अन्य धाराएं बढ़ाने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story