Meerut News: सिवालखास के गोदाम में एक्सपायर दवाओं का ‘जखीरा’, 25 लाख की दवाएं और फर्जी लेबल बरामद

Meerut News: मेरठ के सिवालखास स्थित गोदाम में एक्सपायर दवाओं का जखीरा मिला। छापेमारी में 25 लाख की दवाएं और फर्जी लेबल बरामद हुए।

Sushil Kumar
Published on: 3 Sept 2026 6:00 PM IST
Meerut News
X

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के जानी क्षेत्र के सिवालखास कस्बे में एक्सपायर दवाओं के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। थाना जानी पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 25 लाख रुपये कीमत की एक्सपायर एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाएं बरामद की हैं। गोदाम से विभिन्न दवाओं के चार पीवीसी प्रिंटेड/फर्जी लेबल रोल भी मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने गोदाम संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, एक सितंबर को सूचना मिली थी कि सिवालखास कस्बे में एक गोदाम में अवैध और एक्सपायर औषधियों का भंडारण किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद सहायक आयुक्त, मेरठ मंडल के निर्देश पर औषधि निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम गठित की गई। संयुक्त टीम ने गोदाम की तलाशी ली तो वहां भारी मात्रा में कालातीत यानी एक्सपायर दवाएं मिलीं। इनमें टैबलेट, कैप्सूल, सिरप, क्रीम, जेल, स्प्रे और इंजेक्शन समेत एलोपैथिक व आयुर्वेदिक औषधियां शामिल हैं। जांच के दौरान टीम को दवाओं के चार पीवीसी प्रिंटेड लेबल रोल भी मिले।

नहीं दिखा सका लाइसेंस और दस्तावेज

मौके पर मौजूद गोदाम संचालक मोहम्मद असलम दवाओं की खरीद-बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज और औषधि विक्रय लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने गोदाम में रखी करीब 25 लाख रुपये की दवाओं और अन्य सामान को नियमानुसार सीज कर दिया। इस मामले में थाना जानी में बीएनएस और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को गोदाम संचालक मोहम्मद असलम (38) निवासी सिवालखास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एक्सपायर दवाओं और प्रिंटेड लेबल का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इन दवाओं की सप्लाई कहां की जानी थी।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story