Meerut News: मेरठ में 31 हजार से अधिक बालिकाओं को मिलेगा सुमंगला योजना का लाभ

Meerut News: मेरठ में सुमंगला योजना के तहत 31 हजार से ज्यादा बालिकाओं को जून 2026 में डीबीटी के जरिए 7.46 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी।

Sushil Kumar
Published on: 26 May 2026 9:10 PM IST (Updated on: 26 May 2026 9:14 PM IST)
More than 31,000 girls to benefit from Sumangala scheme in Meerut
X

मेरठ में 31 हजार से अधिक बालिकाओं को मिलेगा सुमंगला योजना का लाभ (Photo- Social Media)

Meerut News: मेरठ, 26 मई। बेटियों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित सुमंगला योजना के तहत मेरठ जिले में 31 हजार 118 बालिकाओं को लाभ मिल रहा है। जून 2026 के पहले सप्ताह में लाभार्थियों के खातों में 7 करोड़ 46 लाख 56 हजार रुपये की धनराशि भेजे जाने की तैयारी तेज कर दी गई है।

योजना के तहत बालिकाओं को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता छह चरणों में प्रदान की जाती है। पहले चरण में बालिका के जन्म पर पांच हजार रुपये, दूसरे चरण में टीकाकरण पूरा होने पर दो हजार रुपये, तीसरे चरण में कक्षा एक में प्रवेश पर तीन हजार रुपये, चौथे चरण में कक्षा छह में प्रवेश पर तीन हजार रुपये, पांचवें चरण में कक्षा नौ में प्रवेश पर पांच हजार रुपये तथा अंतिम चरण में कक्षा 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए सात हजार रुपये दिए जाते हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य को मजबूत आधार प्रदान करना है। जिले में इस वित्तीय वर्ष के दौरान बड़ी संख्या में नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

लाभार्थी बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से मिलेगी धनराशि

जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुपम यादव ने बताया कि पात्र पाए जाने वाले सभी नए आवेदनों को लाभार्थी सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले महीने विभिन्न चरणों की लाभार्थी बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार योजना का सबसे अधिक लाभ जन्म और टीकाकरण स्तर पर दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी योजना को लेकर जागरूकता बढ़ी है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया सरल होने के कारण बड़ी संख्या में लोग योजना से जुड़ रहे हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story