TRENDING TAGS :
Meerut News: रोडवेज में अब आउटसोर्स नहीं, सीधे अनुबंध पर होंगे परिचालक
Meerut News: उत्तर प्रदेश रोडवेज में परिचालकों की भर्ती अब आउटसोर्सिंग के बजाय सीधे निगम से अनुबंध के आधार पर होगी, शासन ने जारी किया आदेश।
रोडवेज में अब आउटसोर्स नहीं, सीधे अनुबंध पर होंगे परिचालक (Photo- Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में परिचालकों की भर्ती को लेकर लंबे समय से चल रही आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर अब विराम लगने जा रहा है। शासन ने परिचालकों की भर्ती पूर्व की भांति सीधे निगम में अनुबंध के आधार पर करने का फैसला किया है। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया।
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के महामंत्री भारत भूषण ने शासन के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि संघ लंबे समय से परिचालकों को आउटसोर्सिंग के बजाय सीधे निगम से अनुबंधित किए जाने की मांग कर रहा था। उनका कहना है कि महिला परिचालकों की तरह पुरुष परिचालकों को भी निगम में सीधे अनुबंध के आधार पर आबद्ध किया जाना चाहिए।
भारत भूषण ने कहा कि रोडवेज परिचालक निगम के कामकाज में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परिचालक प्रतिदिन यात्रियों से किराये के रूप में नकद राशि एकत्र करते हैं और उसे निगम के खजाने में जमा कराते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए निगम के प्रति जवाबदेह कर्मचारी की नियुक्ति जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीधे अनुबंध की व्यवस्था होने से परिचालकों की जिम्मेदारी और जवाबदेही भी स्पष्ट रहेगी।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से इस मांग को लगातार शासन और परिवहन निगम के स्तर पर उठाया जाता रहा है। शासनादेश जारी होने के बाद कर्मचारी संघ ने इसे अपनी मांग की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का आभार जताया
भारत भूषण ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिचालकों की भर्ती को लेकर सरकार के फैसले से कर्मचारियों में सकारात्मक संदेश गया है। साथ ही उन्होंने इस मामले में लगातार प्रयास करने के लिए परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शासनादेश के अनुरूप परिचालकों की भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जिससे निगम में परिचालकों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।


