TRENDING TAGS :
Meerut News: मंदिर परिसर के पास मीट बनाने की सूचना पर हंगामा, नौचंदी में बढ़ी पुलिस चौकसी
Meerut News: मंदिर परिसर के पास मीट बनाए जाने की सूचना पर नौचंदी क्षेत्र में हंगामा हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी और इलाके में चौकसी तेज कर दी।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के नौचंदी थाना क्षेत्र में गुरुवार को मंदिर परिसर के पास मीट बनाए जाने की सूचना पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने समय रहते हालात संभाल लिए, जिससे कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
घटना नौचंदी मेले के उस इलाके की बताई जा रही है जहां झूला संचालन करने वाले कुछ लोग अस्थायी रूप से रह रहे हैं। आरोप है कि वहीं भोजन में मीट बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी आसपास मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं को लगी तो उन्होंने विरोध जताया। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए और माहौल गर्मा गया। कुछ लोगों ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने भीड़ को हटाया और एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।
सीओ सिविल लाइन शुचिता सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि मंदिर परिसर में झूला संचालन करने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा भोजन में मीट बनाया गया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में तहरीर प्राप्त हुई है तथा मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


