TRENDING TAGS :
मेरठ में युवती से मारपीट और दुष्कर्म का आरोप, होटल सील; आरोपी के परिजन हिरासत में
Meerut News: मेरठ में युवती से मारपीट, दुष्कर्म और बंधक बनाने के आरोप में होटल सील किया गया। आरोपी के परिजनों और मैनेजर से पूछताछ, चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं।
Meerut News: सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ मारपीट, बंधक बनाने और दुष्कर्म के आरोपों के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के लिए पुलिस ने संबंधित होटल को सील कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। वहीं, आरोपी के कुछ परिजनों और होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बुधवार को मीडिया को बताया कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित एक वीडियो सामने आया था। इसके बाद एक युवती ने सदर बाजार थाने पहुंचकर शिकायत दी कि सलमान नाम के युवक ने उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया तथा उसे बंधक बनाकर रखा। शिकायत के आधार पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एसएसपी के मुताबिक, घटनास्थल पर साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और किसी तरह की छेड़छाड़ रोकने के लिए होटल को तत्काल सील कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। होटल को स्थायी रूप से सील कराने के लिए जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) और छावनी परिषद को भी पत्र भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एसपी सिटी के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपी सलमान के कुछ परिजनों को भी संलिप्तता के संदेह में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। होटल मैनेजर से भी पूछताछ की जा रही है। होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की भी जांच कराई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की ओर से कोई लापरवाही तो नहीं हुई। चौकी प्रभारी से लेकर थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी तक की भूमिका की जांच होगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
युवती ने अपनी शिकायत में बंधक बनाए जाने का आरोप भी लगाया है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
उधर, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी का एनकाउंटर करने और होटल को सील कर उसके प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप है कि होटल में पहचान संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए बिना कई जोड़ों को कमरे उपलब्ध कराए जा रहे थे।


