काशी टोल पर चार घंटे तक वकीलों का कब्जा, हजारों वाहन बिना शुल्क गुजरे

Meerut News: मेरठ के काशी टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं ने चार घंटे तक सभी 18 लेन फ्री करा दीं। तीन मांगों पर सहमति के बाद आंदोलन स्थगित हुआ, लेकिन टोल फ्री सुविधा पर फैसला बाकी है।

Sushil Kumar
Published on: 26 Nov 2026 9:36 PM IST
काशी टोल पर चार घंटे तक वकीलों का कब्जा, हजारों वाहन बिना शुल्क गुजरे
X

Meerut News: टोल कर्मचारियों पर अधिवक्ताओं से अभद्रता का आरोप लगाते हुए गुरुवार को वकीलों ने काशी टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। करीब चार घंटे से अधिक समय तक टोल की सभी 18 लेन फ्री करा दीं। इस दौरान हजारों वाहन बिना टोल शुल्क दिए गुजरते रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में टोल प्रबंधन के साथ करीब दो घंटे चली बातचीत के बाद चार में से तीन मांगों पर सहमति बन गई। इसके बाद वकीलों ने आंदोलन स्थगित कर दिया और टोल पर यातायात सामान्य हो गया।

मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने न्यूजट्रैक को बताया कि वकीलों की पहली मांग अभद्रता करने वाले कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, दूसरी संबंधित कर्मचारियों को टोल से हटाने और तीसरी उनसे माफी मंगवाने की थी। बातचीत में इन तीनों मांगों पर सहमति बन गई। चौथी मांग मेरठ बार और जिला बार के अधिवक्ताओं को टोल फ्री सुविधा देने की थी। इस पर अधिकारियों ने शासन को पत्र लिखकर निर्णय कराने का आश्वासन दिया है।

एक सप्ताह का अल्टीमेटम

अनुज शर्मा ने कहा कि फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि एक सप्ताह के भीतर अधिवक्ताओं को टोल फ्री सुविधा देने के संबंध में कोई निर्णय नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन करने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद वकील टोल प्लाजा से हट गए और सभी लेन पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

कचहरी से बसों में भरकर पहुंचे वकील

गुरुवार सुबह से ही कचहरी परिसर में आंदोलन को लेकर हलचल शुरू हो गई थी। अधिवक्ताओं ने परिसर में घूमकर साथी वकीलों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। इसके बाद बड़ी संख्या में वकील बसों और निजी वाहनों से काशी टोल प्लाजा पहुंचे। वहां नारेबाजी करते हुए उन्होंने सभी 18 लेन पर टोल वसूली बंद करा दी। पुलिस ने टोल खुलवाने का प्रयास किया तो वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। वकीलों का कहना था कि जब तक अभद्रता करने वाला कर्मचारी सामने आकर माफी नहीं मांगता, टोल फ्री रहेगा।

एसपी सिटी और एडीएम सिटी ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और एडीएम सिटी आदित्य कुमार प्रजापति मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वकीलों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद अधिवक्ता वार्ता के लिए तैयार हुए। इसके बाद बंद कमरे में पुलिस-प्रशासन, टोल प्रबंधन और अधिवक्ताओं के बीच बातचीत हुई।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि टोल से गुजरने के दौरान अधिवक्ताओं और टोलकर्मियों के बीच कहासुनी और बहसबाजी हुई थी। अधिवक्ताओं ने अभद्रता का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में दिख रहे कर्मचारी द्वारा सीसीटीवी कैमरा नीचे करने समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने बातचीत की है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

न्याय यात्रा से लौटते समय हुआ था विवाद

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं की न्याय यात्रा चल रही है। बुधवार को यात्रा मेरठ लौट रही थी। इसी दौरान काशी टोल प्लाजा पर टोल फ्री कराने के प्रयास को लेकर वकीलों और टोल कर्मचारियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई थी। आरोप है कि इस दौरान मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा और महामंत्री परवेज आलम के साथ भी अभद्रता की गई। इससे नाराज महामंत्री परवेज आलम ने गुरुवार दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक टोल फ्री कराने का ऐलान किया था। इसी घोषणा के तहत गुरुवार को अधिवक्ताओं ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story