महिला से मोबाइल लूटकर मांगी 25 लाख की रंगदारी, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दो साथी भी दबोचे

Meerut News: मेरठ में कारोबारी से 25 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।

Sushil Kumar
Published on: 18 Nov 2026 7:30 PM IST
महिला से मोबाइल लूटकर मांगी 25 लाख की रंगदारी, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दो साथी भी दबोचे
X

Meerut News: रंगदारी वसूलने के लिए बदमाशों ने पहले एक कारोबारी से 25 लाख रुपये मांगे और फिर धमकी देने के लिए महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसी मोबाइल से कारोबारी को दोबारा फोन कर रकम देने का दबाव बनाया गया। मेडिकल थाना पुलिस ने बुधवार को इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, छीना गया मोबाइल, एक हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि 16 नवंबर को सोमदत्त एन्क्लेव के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का वनप्लस मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया था। मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

बुधवार को पुलिस रिंग रोड स्थित जागृति विहार एक्सटेंशन पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काली नदी की ओर से स्कूटी पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और दो आरोपी फरार हो गए। इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान भटीपुरा निवासी आनंद उर्फ लकड़ू (55) के रूप में हुई। बाद में पुलिस ने उसके फरार दोनों साथियों दीपांशु (19) और गर्वित (18) को भी रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

धमकी भरा पत्र फेंककर मांगी थी रकम

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने भटीपुरा निवासी विकास कुमार गुप्ता से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी के लिए धमकी भरा पत्र गर्वित ने लिखा था, जिसे आनंद और दीपांशु ने कारोबारी के घर फेंका था। इस मामले में किठौर थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रंगदारी की कुछ रकम पहले ही वसूल चुके थे। बाकी रकम हासिल करने के लिए उन्होंने महिला का मोबाइल छीना और उसी से कारोबारी को दोबारा फोन किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, एक हजार रुपये, महिला का वनप्लस मोबाइल सिम सहित तथा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। मुख्य आरोपी आनंद के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story