TRENDING TAGS :
Meerut News: विजयदशमी पर अस्त्र-शस्त्र पूजन, चरखासुर दहन की अनुमति नहीं
Meerut News: मेरठ में विजयदशमी पर अस्त्र-शस्त्र पूजन सम्पन्न, प्रशासन ने चरखासुर दहन की अनुमति नहीं दी, कार्यकर्ताओं में नाराजगी
Vijayadashami 2025
Meerut News: अखिल भारत हिन्दू महासभा की ओर से बृहस्पतिवार को विजयदशमी का पर्व शहर के शारदा रोड स्थित संगठन के कार्यालय परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम में परंपरा के अनुरूप अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई और गोडसे-आप्टे धाम में स्थापित प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए।
समारोह का शुभारंभ देवी-देवताओं का आवाहन और पूजन के साथ हुआ। इसके बाद तलवार, गदा, त्रिशूल, भाला और लाठी सहित विभिन्न प्राचीन शस्त्रों का तिलक कर अनुष्ठान सम्पन्न किया गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया। इस दौरान कई स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दिल्ली से आए विश्व हिंदू पीठ के अध्यक्ष आचार्य मदन ने संबोधित करते हुए संगठन के दृष्टिकोण को सामने रखा। वहीं जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में “चरखासुर” नामक पुतले का दहन किया जाना था, जिसे प्रतीकात्मक रूप से “हिंदू विरोधी शक्तियों के खिलाफ संदेश” के तौर पर रखा गया था। हालांकि, प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला दहन कार्यक्रम को रोक दिया।अग्रवाल ने कहा कि अनुमति न मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी रही।
इसके बावजूद अस्त्र-शस्त्र पूजन और अनुष्ठानिक कार्यक्रम शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ।महासभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में मौजूद होकर धार्मिक परंपराओं के अनुसार अस्त्र-शस्त्र पूजन को “धार्मिक अधिकार” बताते हुए इसे आगे भी जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद, संगठन के नगर अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।


