Meerut News: मेरठ में महिला को जहरीला पदार्थ देकर दो करोड़ के आभूषण और सिक्के चोरी, चार गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ में महिला को जहरीला पदार्थ देकर दो करोड़ रुपये के आभूषण और सिक्के चोरी करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार।

Sushil Kumar
Published on: 29 Oct 2026 6:42 PM IST
Meerut News
X

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: गंगानगर क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में घर में काम करने वाली महिला पर मकान मालिक की मां को जहरीला पदार्थ देकर बेहोश करने और घर से कीमती सामान चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, प्राचीन धातु मुद्रा और देशी-विदेशी सिक्कों के अलावा 3.56 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष भल्ला ने 26 अक्टूबर को गंगानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि उनके घर में काम करने वाली मेड ने उनकी मां को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और इसके बाद घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 123 और 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना गंगानगर पुलिस और स्वाट टीम प्रथम तथा स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जितेंद्र कुमार, रोशनी ओराओन, मनीष कुमार उर्फ मन्नू और मीनू को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में पीली और सफेद धातु के विभिन्न आभूषण, सफेद धातु के 32 छोटे-बड़े सिक्के, पुराने देशी-विदेशी 111 सिक्के और आठ प्राचीन धातु मुद्राएं शामिल हैं। इनके अलावा पुराने 500 रुपये के 12 नोट भी बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत छह हजार रुपये है। पुलिस ने 3.50 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी बरामद होने की जानकारी दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार मेरठ के सरधना क्षेत्र का निवासी है, जबकि रोशनी ओराओन पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, मनीष कुमार सहारनपुर के देवबंद और मीनू हरियाणा के करनाल की निवासी है। पुलिस ने बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 61(2) की वृद्धि की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम में गंगानगर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह सहित थाना पुलिस और स्वाट टीम के सदस्य शामिल रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story