सीएसएसयू में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में बोलीं राज्यपाल- समस्याओं में तलाशें कारोबार

Meerut News: सीएसएसयू में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में बोलीं राज्यपाल- समस्याओं में तलाशें कारोबार

Sushil Kumar
Published on: 28 Nov 2026 10:59 PM IST
सीएसएसयू में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में बोलीं राज्यपाल- समस्याओं में तलाशें कारोबार
X

Meerut News: डिग्री हासिल करने के बाद नौकरी की तलाश में भटकने के बजाय युवा ऐसे उद्यम खड़े करें, जो दूसरों के लिए भी रोजगार का रास्ता खोलें। एक युवा अपना कारोबार शुरू कर सौ लोगों को रोजगार दे सकता है तो इससे बड़ी देशसेवा और आत्मनिर्भरता की दिशा में योगदान क्या होगा। सरकार हर शिक्षित युवा को नौकरी नहीं दे सकती, इसलिए अब युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने की सोच विकसित करनी होगी। शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में पश्चिमांचल स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को यह संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर देने की है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल डिग्री बांटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों के नए विचारों और प्रयोगों को प्रयोगशालाओं से बाहर निकालकर बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए उद्योगपतियों, निवेशकों और वित्तीय संस्थानों को विश्वविद्यालयों से जोड़ना जरूरी है। युवाओं को अपने आसपास की समस्याओं में कारोबार और रोजगार के अवसर तलाशने चाहिए। असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

कम जमीन में ऊंची इमारतें, बढ़ेंगी सुविधाएं

विश्वविद्यालयों के बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने निर्माण की पारंपरिक सोच बदलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सीमित जमीन पर पांच से दस मंजिला भवन बनाकर प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर सेंटर और दूसरी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। विश्वविद्यालयों की तरक्की केवल भवनों की संख्या से नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध सुविधाओं के इस्तेमाल और शिक्षा की गुणवत्ता से तय होनी चाहिए।

उन्होंने आईआईटी कानपुर, खड़गपुर और मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ राज्य विश्वविद्यालयों की शोध और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इससे संयुक्त शोध परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों को नए प्रयोगों के लिए बेहतर मंच मिलेगा। विश्वविद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए उद्योगपतियों और वरिष्ठ शोधकर्ताओं की समिति बनाने का सुझाव भी दिया।

राज्य विश्वविद्यालयों के लिए आगे आएं उद्योगपति

राज्यपाल ने केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों के बीच संसाधनों की असमानता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों को अपेक्षाकृत अधिक अनुदान और शोध के लिए आर्थिक सहायता मिलती है, जबकि राज्य विश्वविद्यालय सीमित संसाधनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की भी बड़ी भागीदारी है। ऐसे में सक्षम संस्थानों, उद्योगपतियों और उद्यमियों को राज्य विश्वविद्यालयों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मेंटरशिप और आर्थिक सहयोग देकर उनके विचारों को स्टार्टअप में बदला जा सकता है। विश्वविद्यालयों का बुनियादी ढांचा भी शोध, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने में इस्तेमाल होना चाहिए।

18 विश्वविद्यालय, 75 स्टाल और नवाचारों की झलक

संवाद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचारों और तकनीकी प्रयोगों के जरिए उद्यमिता की संभावनाएं प्रदर्शित कीं। राज्यपाल ने 75 स्टालों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी लेकर संवाद किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एसएम बोबड़े, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रोफेसर और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story