मिर्जापुर में बारिश बनी काल! कच्चे मकान ढहने से 3 बुजुर्गों की मौत, 1 की हालत गंभीर

मिर्जापुर के मड़िहान में लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

Sachin Singh
Published on: 20 Aug 2026 1:03 PM IST (Updated on: 20 Aug 2026 1:31 PM IST)
मिर्जापुर में बारिश बनी काल! कच्चे मकान ढहने से 3 बुजुर्गों की मौत, 1 की हालत गंभीर
X

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मड़िहान थाना क्षेत्र में बारिश के बीच कच्चे मकान गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन बुजुर्गों की मौत हो गई। हादसों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतकों में एक बुजुर्ग दंपती भी शामिल है।

घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

रजौहा में सोते समय बुजुर्ग दंपती पर गिरा मकान

पहला हादसा ग्राम पंचायत रजौहा में बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। गांव निवासी 68 वर्षीय रमाशंकर सिंह पटेल अपनी पत्नी 68 वर्षीय अशोक कुमारी के साथ खपरैल वाले कच्चे मकान में सो रहे थे। रात में अचानक मकान की कच्ची दीवार और खपरैल भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दंपती को बाहर निकाला गया।

परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ पति-पत्नी की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

बभनी में भी कच्चा मकान गिरा

दूसरा हादसा बभनी गांव में हुआ। यहां 65 वर्षीय हीरालाल अपनी 60 वर्षीय पत्नी केवली देवी के साथ खेत में बने कच्चे मकान में रहते थे। दोनों बोरवेल और फसलों की देखभाल के लिए वहां रहते थे। बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद दोनों सो गए। देर रात करीब एक बजे अचानक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। दीवार गिरने से दोनों मलबे में दब गए।

गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण टहलने के लिए निकले तो उनकी नजर क्षतिग्रस्त मकान पर पड़ी। उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने केवली देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हीरालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान रेफर कर दिया गया।

लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए ये हादसे बड़ी चिंता का कारण बन गए हैं। प्रशासन के सामने अब ऐसे कमजोर मकानों की पहचान कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती भी है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com
Next Story