TRENDING TAGS :
Mirzapur News: विंध्याचल पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री, 2027 में सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
Mirzapur News: राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लिया और 2027 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया।
विंध्याचल पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री, 2027 में सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व पीसीएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री शनिवार को विंध्याचल धाम पहुंचे। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और संगठन की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा भी किया।
विंध्याचल पहुंचे राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री
विंध्याचल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने यूजीसी से जुड़े मुद्दों के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दिया था। उनके अनुसार प्रदेश में सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व लगातार कमजोर होता जा रहा था, जिसके चलते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के गठन की आवश्यकता महसूस हुई। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों की पक्षधर है तथा सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प रखती है।
उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी, लेकिन पार्टी किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि पूरे समाज की आवाज बनकर कार्य करेगी। संगठन का उद्देश्य सभी वर्गों को न्याय, सम्मान और समान अवसर दिलाना है।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के संबंध में उन्होंने कहा कि चुनावी अभियान और संगठन के विस्तार से पहले वह माता का आशीर्वाद लेने विंध्याचल आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और समर्थन से उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश में एक वैकल्पिक राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरकर सरकार बनाने की दिशा में प्रयास करेगी।


