TRENDING TAGS :
Mirzapur News: अनियंत्रित कंटेनर मकानों में घुसा, चार घर क्षतिग्रस्त, पिता-पुत्र की मौत
Mirzapur News: मिर्जापुर के कलना गहरवार गांव में सीमेंट लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर चार मकानों में घुसा, हादसे में पिता-पुत्र की मौत के बाद हाईवे जाम हुआ।
अनियंत्रित कंटेनर मकानों में घुसा, चार घर क्षतिग्रस्त, पिता-पुत्र की मौत (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में गुरुवार भोर में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गैपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र के कलना गहरवार गांव में प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकानों में घुस गया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए और घर के बाहर सो रहे पिता-पुत्र इसकी चपेट में आ गए।
मौके पर पिता की मौत, अस्पताल में बेटे ने तोड़ा दम
हादसे के समय शिव प्रसाद गुप्ता उम्र 45 वर्ष अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। उनके साथ उनका 13 वर्षीय पुत्र रोहित भी मौजूद था। कंटेनर की चपेट में आने से शिव प्रसाद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल रोहित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम
यह हादसा विंध्याचल थाना क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने प्रयागराज–मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, कंटेनर कब्जे में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कंटेनर को भी कब्जे में ले लिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी नगर, सदर उप जिलाधिकारी सहित भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और जाम समाप्त कराने में जुटी हुई है।


