Mirzapur News: जल जीवन मिशन की खुली पोल, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया ताबड़तोड़ दौरा

Mirzapur News: केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मिर्जापुर में जल जीवन मिशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कमियां दूर करने के निर्देश दिए।

Brijendra Dubey
Published on: 18 Aug 2026 7:28 PM IST
Union Minister Anupriya Patel inaugurates Jal Jeevan Mission
X

जल जीवन मिशन की खुली पोल, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया ताबड़तोड़ दौरा (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: मिर्जापुर में जल जीवन मिशन के कामकाज को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री और मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल ने अधिकारियों की रिपोर्ट और मौके की हकीकत में अंतर होने की बात कही है। जिला मजिस्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन की बैठक लेने के बाद अनुप्रिया पटेल खुद कार्यों की जमीनी स्थिति देखने क्षेत्र में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के बाद से लगातार कुछ न कुछ खामियां सामने आती रही हैं। बैठक में अधिकारी कागजों पर सब कुछ ठीक बताते हैं, लेकिन जब स्थलीय निरीक्षण किया जाता है तो स्थिति अलग दिखाई देती है।

ग्रामीणों ने घेरकर बताई अपनी समस्याएं

बैठक के बाद अनुप्रिया पटेल अपने काफिले के साथ क्षेत्र में निरीक्षण के लिए पहुंचीं। उनके निरीक्षण शुरू करने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और अपनी समस्याएं बताईं। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री ने उन्हें जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद वह खजूरी में बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचीं।

1609 गांवों में पेयजल पहुंचाने की योजना

मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। मिर्जापुर में इस योजना के तहत 1609 गांवों में पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित कराई जा रही है। सरकार का स्पष्ट आदेश है कि हर घर तक नल से जल पहुंचना चाहिए।

उन्होंने माना कि योजना के तहत काम आगे बढ़ने के बावजूद कई जगहों पर खामियां सामने आ रही हैं। कहीं पानी नहीं पहुंच रहा है, कहीं पाइपलाइन टूटी हुई है और कहीं ऊंचाई की वजह से पानी नहीं जा पा रहा है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए मौके पर जाकर स्थिति देखने की जरूरत है।

कागजों में सब ठीक, मौके पर सामने आती है अलग हकीकत

अनुप्रिया पटेल ने अधिकारियों की रिपोर्ट और स्थलीय निरीक्षण के बीच अंतर पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बैठक में अधिकारी सारी रिपोर्ट ओके बताते हैं, लेकिन जब क्षेत्र में जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जाता है तो कुछ और ही हकीकत सामने आती है। इसी वजह से वह खुद क्षेत्र में पहुंचकर जल जीवन मिशन के कार्यों की स्थिति देख रही हैं।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों में नल लगाना नहीं है, बल्कि हर घर तक नल से पानी पहुंचाना है। जमीनी स्तर पर जहां भी दिक्कत है, उसे दूर किया जाना जरूरी है।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बाद ओवरहेड टैंक का निरीक्षण

खजूरी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने के बाद अनुप्रिया पटेल ओवरहेड टैंक का निरीक्षण करने के लिए निकल पड़ीं। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की जमीनी स्थिति को देखा।

जल जीवन मिशन की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्रीय मंत्री का बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने खुद माना कि कई जगहों पर योजना के तहत काम होने के बावजूद पानी की आपूर्ति में दिक्कतें सामने आ रही हैं। कहीं पाइपलाइन खराब है तो कहीं ऊंचाई की वजह से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में अब स्थलीय निरीक्षण के जरिए इन खामियों को सामने लाकर उन्हें दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।

Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

Senior Reporter - Mirzapur Mail ID - dbrijendra04@gmail.comdbrijendra04@gmail.com

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story