TRENDING TAGS :
Mirzapur News: मिर्जापुर में ट्रक की चपेट में किशोर समेत दो की मौत, सड़क जाम का प्रयास
Mirzapur News: मिर्जापुर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया।
Mirzapur News
Mirzapur News: लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा NH-135 पर बामी के पास जेपी फ्यूल स्टेशन के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मार्ग बाधित करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बामी गांव निवासी शिवनाथ (50) पुत्र स्व. रामखेलावन और प्रियांशु (13) पुत्र बालमुकुंद सोमवार सुबह करीब सात बजे साइकिल से जा रहे थे। दोनों NH-135 पर जेपी फ्यूल स्टेशन के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान रीवा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में दोनों आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दो लोगों की मौत से लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर आवागमन बाधित करने का प्रयास किया। सूचना पर लालगंज पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया। इसके बाद लोग सड़क से हट गए और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।
क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को शासन के नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था और यातायात की स्थिति सामान्य बनी हुई है।


