Mirzapur News: शिक्षक एमएलसी चुनाव पर सपा ने उठाए सवाल, डीआईओएस पर आरोप

Mirzapur News: लाल बिहारी यादव ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और प्रबंधकों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया, पुरानी पेंशन बहाली व वित्तविहीन शिक्षकों को सुविधाएं देने की मांग उठाई।

Brijendra Dubey
Published on: 19 Oct 2026 4:01 PM IST
Samajwadi Party raise questions over MLC elections, allegations on DIOS
X

शिक्षक एमएलसी चुनाव पर सपा ने उठाए सवाल, डीआईओएस पर आरोप (Photo- Newstrack)

Mirzapur News: वाराणसी खंड शिक्षक विधान परिषद सीट के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को लोहिया ट्रस्ट स्थित सपा के जिला कार्यालय में शिक्षक एमएलसी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने प्रेसवार्ता कर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पर मतदाताओं को प्रभावित करने और विद्यालयों के प्रबंधकों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी दूर करने के नाम पर प्रबंधकों को छुट्टी के दिन बुलाया गया था।

अचानक मौके पर पहुंचने का किया दावा

लाल बिहारी यादव ने बताया कि जब उन्हें इस मामले की जानकारी मिली तो वह अचानक मौके पर पहुंच गए। उनके मुताबिक, वहां पहुंचने से प्रबंधकों पर दबाव बनाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन बांटा जा रहा है। हालांकि, प्रेसवार्ता में लगाए गए इन आरोपों के संबंध में डीआईओएस का पक्ष सामने नहीं आया।

शिक्षकों के अधिकारों और पुरानी पेंशन का मुद्दा उठाया

प्रेसवार्ता के दौरान लाल बिहारी यादव ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चंदे की चोरी का जिक्र करते हुए भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज अपने अधिकारों और हितों को लेकर जागरूक है। उनके अनुसार, सरकार शिक्षकों से कम वेतन और मानदेय पर काम करा रही है, जबकि उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को मानदेय के साथ अन्य सुविधाएं देने की मांग भी उठाई। लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षकों की मांगें पूरी करने के बजाय चुनाव के दौरान उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

चुनाव में गड़बड़ी की कोशिश का विरोध करने की चेतावनी

सपा नेता ने चेतावनी दी कि मतदाताओं को प्रभावित करने और दबाव बनाने की कथित कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। इस दौरान प्रेसवार्ता में सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Brijendra Dubey
ABOUT THE AUTHOR

Brijendra Dubey

Senior Reporter - Mirzapur Mail ID - dbrijendra04@gmail.comdbrijendra04@gmail.com

As a Senior Reporter based in Mirzapur, he covers a wide range of news and developments for Newstrack.com. His reporting spans politics, administration, crime, social issues, education, cultural events, and other matters of public interest. With a strong understanding of local issues and ground-level reporting, he strives to deliver accurate, timely, and reliable news to readers. Through his journalistic work, he aims to keep audiences informed about the latest developments from Mirzapur and the surrounding region.

Next Story