×

Mirzapur News: महिलाओं को किया जागरूक, पुलिस अफसरों ने कहा- कोई करे परेशान, तो तुरंत उठाएं आवाज

Mirzapur News: विंध्याचल धाम स्थित रोडवेज परिसर में मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस मौके पर महिलाओं को सरकारी स्तर पर उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं और अधिकारों की जानकारी दी गई।

Brijendra Dubey
Published on: 18 Jun 2023 4:57 PM GMT

Mirzapur News: विंध्याचल धाम स्थित रोडवेज परिसर में मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस मौके पर महिलाओं को सरकारी स्तर पर उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं और अधिकारों की जानकारी दी गई। पुलिस विभाग के जारी किए गए तमाम हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया गया। महिला पुलिस ने बताया कि अगर आपके साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न, किसी भी महिला, बालिका के साथ अभद्रता की जा रही हो तो तुरंत पुलिस को फोन करें। आपकी मदद की जाएगी।

सरकारी योजनाओं के बारे में दी जानकारी

विंध्याचल रोडवेज परिसर में आयोजित नारी चौपाल में महिला पुलिसकर्मियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित तमाम लाभकारी योजनाओं के बारे में महिलाओं को जानकारी दी। कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना योजना के सहारे हम बिटिया की पढ़ाई और विवाह के खर्च से मुक्ति पा सकते हैं। सामूहिक विवाह के अलावा निराश्रित महिला पेंशन समेत तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसका हम सब लाभ उठा सकते हैं। इसके साथ ही सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाया गया है। जहां महिला अपनी बात महिला पुलिस अधिकारी से करती हैं। इस प्रकार वह कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

एंटी रोमियो स्क्वायड पर रखें भरोसा

इस दौरान महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और हेल्पलाइन के लिए दिए गए नंबरों को अपने पास सुरक्षित लिखकर रखने की हिदायत दी गई। बताया गया कि प्रत्येक जिले में एंटी रोमियो स्क्वायड गठित है। जो बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए भ्रमण करते हुए मनचलों और आवारा किस्म के लोगों के ऊपर कानूनी कार्रवाई करता है। एसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति कहा कि समाज की आधी आबादी महिलाओं की है।

जब महिला सशक्त होंगी, तभी प्रदेश सशक्त होगा। इसलिए हम सबको अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर अन्याय अत्याचार का विरोध करना होगा। उन्होंने कहा कि मिली हुई शक्तियों का दुरुपयोग किसी को सताने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। मिशन शक्ति के कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने प्रसन्नता जताई। कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अच्छी-अच्छी जानकारी मिली है। जिसका पालन करके अपने जीवन को और बेहतर तथा सुरक्षित कर सकती हैं।

Brijendra Dubey

Brijendra Dubey

Next Story