TRENDING TAGS :
Mirzapur में 29 नवंबर को संजय निषाद करेंगे बड़ी रैली, अतरौलिया पर अड़े
Mirzapur News: आरक्षण की मांग को लेकर मझवां में जुटेंगे निषाद पार्टी के कार्यकर्ता, संजय निषाद बोले- सीटों से ज्यादा समाज के अधिकार अहम, अतरौलिया सीट पर नहीं होगा समझौता।
Mirzapur में 29 नवंबर को संजय निषाद करेंगे बड़ी रैली, अतरौलिया पर अड़े (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: मिर्जापुर में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन की तैयारियों को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने 29 नवंबर को मझवां विधानसभा क्षेत्र में बड़ी रैली करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी का मुख्य मुद्दा समाज को आरक्षण दिलाना है। इस मांग को लेकर पार्टी लगातार सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।
संजय निषाद ने कहा कि मझवार समाज को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है। समाज को उसका अधिकार दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने दूसरे समाजों के नेताओं से भी अपील की कि वे अपने-अपने समाज के अधिकारों के लिए आगे आएं और संघर्ष करें।
गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर भाजपा को करना है फैसला
गठबंधन और आगामी चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि भाजपा को तय करना है कि सहयोगी दलों को कौन सी सीटें दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी केवल सीटों के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि जीत और समाज के अधिकारों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने अतरौलिया विधानसभा सीट पर अपना दावा दोहराते हुए कहा कि इस सीट पर कोई समझौता नहीं होगा।
403 विधानसभा सीटों पर निषाद समाज के प्रभाव का दावा
संजय निषाद ने दावा किया कि निषाद समाज का प्रभाव प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा को जीत दिलाने के लिए काम करती है। इस दौरान उन्होंने मझवां और कटेहरी विधानसभा सीटों का भी जिक्र किया और कहा कि इन सीटों को उन्होंने स्वेच्छा से छोड़ा था।
उन्होंने दोहराया कि निषाद पार्टी का संघर्ष समाज को आरक्षण दिलाने और उसके अधिकारों की लड़ाई से जुड़ा है। इसी उद्देश्य को लेकर 29 नवंबर को मझवां विधानसभा क्षेत्र में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।


