TRENDING TAGS :
Mirzapur News: ट्रक की टक्कर से मां, बेटे और तीन साल के पोते की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Mirzapur News: मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से महिला, बेटे और तीन वर्षीय पोते की मौत, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
Mirzapur News(Photo-Social Media)
Mirzapur News: अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर पुलिस चौकी के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 45 वर्षीय महिला, उनका 25 वर्षीय बेटा और तीन साल का पोता शामिल हैं। नरायनपुर स्थित आलू मिल के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, अहरौरा थाना क्षेत्र के बड़ी पट्टी निवासी मनोज चौहान (25) अपनी मां मुन्नी (45) और तीन वर्षीय बेटे प्रियांश के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान नरायनपुर स्थित आलू मिल के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बदहाल सड़क और खराब डायवर्जन पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नरायनपुर पुलिस चौकी के पास शेरपुर रोड की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए हैं। चश्मदीद वकील यादव के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब डायवर्जन के कारण राहगीरों को परेशानी होती है। उन्होंने ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार को भी हादसों का खतरा बढ़ाने वाला बताया।


