TRENDING TAGS :
MLA Pooja Pal: विधायक पूजा पाल सपा से निष्कासित, योगी सरकार की तारीफ करना पड़ा भारी
MLA Pooja Pal: समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ करना भारी पड़ गया। पूजा पाल को समाजवादी पार्टी ने बर्खास्त कर दिया है।
MLA Pooja Pal
MLA Pooja Pal expelled from SP: उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर नॉन स्टॉप चली चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ करना भारी पड़ गया। पूजा पाल को समाजवादी पार्टी ने बर्खास्त कर दिया है। इस संबंध में पार्टी की ओर से एक पत्र भी जारी कर दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में विधायक पूजा पाल के खिलाफ निष्कासन की कार्यवाही की गयी है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि आपके द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधि की गयी। सचेत किये जाने के बाद भी उक्त गतिविधियां बंद नहीं हुई। जिसके चलते पार्टी को नुकसान हुआ। पार्टी विरोधी गतिविधियां गंभीर अनुशासनहीनता है। ऐसे में पूजा पाल को समाजवादी पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। उन्हें समाजवादी पार्टी के अन्य पदों से भी हटा दिया गया है। अब वह पार्टी के किसी भी कार्यक्रम अथवा मीटिंग में शामिल नहीं हो सकेगीं और न ही उन्हें आमंत्रित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विधायक पूजा ने विधानसभा में योगी सरकार की सराहना करते हुए कहा था कि अतीक अहमद को मिट्टी में मिला योगी आदित्यनाथ ने मेरे साथ न्याय किया है। मुझे ही नहीं बल्कि प्रयागराज के कई पीड़ितों के साथ न्याय हुआ है। उन्होंने कहा था कि वह इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद भी देती है। उन्होंने मेरी बातों का तब सुना। जब कोई भी मेरी बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं था।
राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी के साथ बगावत की हो। इससे पहले भी उन्होंने राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करते हुए भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया था। हालांकि उस समय सपा ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी।


