TRENDING TAGS :
Moradabad News: घर से निकली किशोरी का नहीं मिला सुराग, पुलिस ने तीन टीमें गठित की
Moradabad News: मुंढापांडे क्षेत्र में घर से निकली किशोरी का सुराग नहीं मिला, परिजनों ने पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई, तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गईं।
घर से निकली किशोरी का नहीं मिला सुराग, पुलिस ने तीन टीमें गठित की (Photo- Newstrack)
Moradabad News: मुरादाबाद के थाना मुंढापांडे क्षेत्र में दलित समाज की 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के अचानक घर से गायब होने के बाद से परिजन परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। काफी तलाश के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने आज मुंढापांडे थाने पहुंचकर तहरीर दी और गुमशुदगी दर्ज कराते हुए किशोरी की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई।
मुंढापांडे निवासी लापता किशोरी के पिता राजू वाल्मीकि ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी कुमारी किरन 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब पांच बजे घर से निकली थी। उस समय किशोरी ने गहरी रंग की टी-शर्ट और हल्के सुरमई रंग का लोअर पहन रखा था। राजू वाल्मीकि के मुताबिक 24 जुलाई की सुबह ही कुछ लोगों ने किशोरी को मुंढापांडे थाने के पास तक देखा था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई।
रिश्तेदारों और परिचितों से भी ली जानकारी
किशोरी के लापता होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों से भी किशोरी के बारे में जानकारी ली, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। बेटी के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता को लगातार चिंता सता रही है कि कहीं उनकी बेटी किसी अनहोनी का शिकार तो नहीं हो गई।
परिजनों का कहना है कि पिछले दो वर्षों के दौरान थाना क्षेत्र में कई किशोरियां गायब हो चुकी हैं। इसी वजह से उन्हें अपनी बेटी को लेकर और ज्यादा चिंता हो रही है। परिवार को डर है कि कहीं उनकी बेटी के साथ भी कोई अनहोनी न हुई हो। परिजनों ने पुलिस से किशोरी को जल्द से जल्द तलाश कर सकुशल घर वापस लाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तीन टीमें बनाईं
मुंढापांडे थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर लेकर प्रथम दृष्टया गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन भी कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए किशोरी की तलाश में जुटी हुई है। थाना प्रभारी ने जल्द से जल्द किशोरी को बरामद करने की बात कही है।


