TRENDING TAGS :
Moradabad News: असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा, मुसलमानों से एकजुट होने की अपील
Moradabad News: मुरादाबाद की जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम समाज से एकजुट रहने की अपील की और शिक्षा, परीक्षा पारदर्शिता व छात्रों के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा, मुसलमानों से एकजुट होने की अपील (Photo- Newstrack)
Moradabad News: मुरादाबाद के जामा मस्जिद पार्क में आज एआईएमआईएम के मुखिया बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए मुस्लिम समाज से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को एक होकर अपनी ताकत को मजबूत करना चाहिए।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कही यह बात
जनसभा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं की जीत है और उनके आंदोलन की जीत है। उन्होंने कहा कि जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं ने मोदी सरकार को यह संदेश दे दिया कि देश में तानाशाही नहीं चलेगी और देश संविधान के अनुसार ही चलेगा।
भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस तरह की घटनाओं को दुखद बताते हुए कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए और भर्ती परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल
पत्रकारों से बातचीत करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान चार युवकों को पलेट गन लगी, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों पर भी उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
लाठीचार्ज पर भी जताई नाराजगी
असदुद्दीन ओवैसी ने आगे कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्रों के सिर फूट गए। उन्होंने कहा कि इस मामले की भी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


