Moradabad News: भाजपा में अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, कार्यकारिणी सदस्य ने दिया इस्तीफा

Moradabad News: मुरादाबाद भाजपा में संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर कार्यकारिणी सदस्य राहुल सेठी ने प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत भेजकर इस्तीफे की बात कही है।

Sudhir Goyal
Published on: 3 Oct 2026 9:09 PM IST
internal Dispute in BJP, executive member resigns
X

भाजपा में अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, कार्यकारिणी सदस्य ने दिया इस्तीफा (Photo- Newstrack)

Moradabad News: मुरादाबाद भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों और महानगर अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर अंदरूनी असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। महानगर कार्यकारिणी सदस्य राहुल सेठी ने प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत भेजते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है। राहुल सेठी ने महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को प्रदेश नेतृत्व के सामने रखना है।



परिवारवाद और संगठन में प्रतिनिधित्व पर उठाए सवाल

राहुल सेठी ने शिकायत में महानगर कार्यकारिणी के गठन, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि महानगर अध्यक्ष ने अपनी पत्नी को कार्यकारिणी में शामिल किया है और कुछ पदाधिकारियों के घर की महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वे पहले सक्रिय कार्यकर्ता नहीं रही हैं। उन्होंने डॉ मेघा सैनी को महिला मोर्चे की अध्यक्ष के रूप में आगे बढ़ाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पार्किंग ठेके और भुगतान को लेकर जांच की मांग

शिकायत में चार स्थानों की पार्किंग का बिना विधिवत बोली के ठेका लेने, ठेके से जुड़े पैसों के विवाद में दो लोगों के साथ मारपीट और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात कही गई है। राहुल सेठी ने नगर निगम अभिलेख, टेंडर प्रक्रिया और पुलिस रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संगठन से जुड़े लोगों के ठेकेदारी में साझेदार होने और महानगर अध्यक्ष की पत्नी के नाम से नगर निगम में लाइसेंस आवेदन किए जाने की बात भी शिकायत में उठाई है।

बूथ और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप

राहुल सेठी ने आरोप लगाया कि बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त बैठकें नहीं हो रही हैं। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की सूचना समय पर नहीं मिलने और सम्मानजनक संवाद की कमी की शिकायत भी उन्होंने की है। कार्यालय के देर से खुलने और प्रदेश से आई सामग्री के समय पर वितरण नहीं होने के आरोप भी लगाए गए हैं।



चुनावी तैयारी और संगठनात्मक काम पर सवाल

शिकायत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, मन की बात कार्यक्रम, मतदाता सूची और फॉर्म छह के काम, बूथ गतिविधियों, सोशल मीडिया, मीडिया दायित्व और पार्टी कार्यक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। राहुल सेठी ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से सभी आरोपों का स्वतंत्र और निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की है।

राहुल सेठी ने कहा कि उनका इस्तीफा वर्तमान महानगर अध्यक्ष की कथित कार्यप्रणाली और संगठनात्मक परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की विचारधारा या पार्टी से उनकी नाराजगी नहीं है और उनकी अपेक्षा है कि कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले तथा संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हो।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

sudhirgoyal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story