बारिश भी नहीं रोक पाई भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, रुचि वीरा के घर के बाहर तीसरे दिन धरना

Moradabad News : मुरादाबाद में सपा सांसद रुचि वीरा के आवास के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा।

Sudhir Goyal
Published on: 12 May 2026 10:17 PM IST
बारिश भी नहीं रोक पाई भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, रुचि वीरा के घर के बाहर तीसरे दिन धरना
X

Moradabad political News

Moradabad News : समाजवादी पार्टी की मुरादाबाद लोकसभा सीट से सांसद श्रीमती रुचि वीरा के सिविल लाइंस स्थित आवास के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को हुई बारिश के बावजूद भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल नहीं छोड़ा और सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक महिला जनप्रतिनिधि होने के बावजूद सपा सांसद रुचि वीरा ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका नहीं निभाई।

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना था कि संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर समाजवादी पार्टी के विरोध ने महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई है। भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान दिलाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन विपक्षी दल इसमें बाधा डालते रहे हैं।

धरने के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लिए नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की आवाज है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की नीतियां महिलाओं के हित में नहीं हैं और जनता के बीच इस मुद्दे को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए यह आंदोलन चलाया जा रहा है।

बारिश के बीच भी धरना जारी रहने से इलाके में राजनीतिक हलचल बनी रही। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो। भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका धरना प्रदर्शन आगामी 14 मई तक जारी रहेगा और तब तक वे अपने आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाती रहेंगी।धरना स्थल पर दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा और आने-जाने वाले लोग भी इस प्रदर्शन को लेकर चर्चा करते दिखाई दिए।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story