Moradabad News: दिनदहाड़े गोलीकांड से सनसनी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Moradabad News: कुंदरकी के चक खिताबपुर गांव में बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, एक की मौत हुई जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

Sudhir Goyal
Published on: 14 Jun 2026 6:38 PM IST
Sensation from daytime shooting, one youth dead, other serious
X

दिनदहाड़े गोलीकांड से सनसनी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर (Photo- Newstrack)

Moradabad News: मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम चक खिताबपुर उर्फ खनुपुरा में रविवार सुबह हुए गोलीकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ हमलावरों ने दो युवकों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घर के बाहर खड़े युवक और खेत जा रहे व्यक्ति पर बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार अंकित पुत्र कल्लू जाटव, उम्र 22 वर्ष, अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। वहीं आशीष चौधरी पुत्र सुखवीर, उम्र 35 वर्ष, खेत पर जा रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने दोनों को निशाना बनाकर गोली चला दी। हमले में अंकित की गर्दन में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशीष चौधरी के सिर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को जिला अस्पताल भेजा गया

गोली लगने के बाद आशीष चौधरी की हालत गंभीर हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं अंकित की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक की हत्या से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध किया। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए नाराजगी जताई।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के एसएसपी, मुरादाबाद के डीएम और एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

इस दौरान एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के भरोसे के बाद स्थिति सामान्य हुई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

परिजनों और ग्रामीणों को समझाने के बाद पुलिस ने मृतक अंकित के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और स्थिति पर नजर रख रही है।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

Next Story