TRENDING TAGS :
Moradabad News: आकाशीय बिजली का कहर, दो लोगों की मौत, तीन घायल, पीड़ित परिवारों से मिले विधायक
Moradabad News: मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत और तीन घायल हो गए। विधायक ने पीड़ित परिवारों से मिलकर आर्थिक सहायता सौंपी और इलाज का भरोसा दिया।
आकाशीय बिजली का कहर, दो लोगों की मौत, तीन घायल, पीड़ित परिवारों से मिले विधायक (Photo- Newstrack)
Moradabad News: मुरादाबाद में शनिवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मझोला थाना क्षेत्र के मैनाठेर स्थित मिलक गांव में गौशाला के पास अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की आकस्मिक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
संतराम और विनीता की मौत, तीन घायलों को हायर सेंटर भेजा गया
इस हादसे में संतराम और विनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धामनी, सपना और दिवांशी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
सूचना मिलते ही मृतकों के घर पहुंचे शहर विधायक
हृदय विदारक घटना की जानकारी मिलते ही शहर विधायक रितेश गुप्ता मृतकों के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान विधायक ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे।
घायलों के इलाज की जिम्मेदारी भी ली
शहर विधायक ने हादसे में घायल तीनों लोगों के इलाज की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गांव में पसरा मातम, कई घरों में नहीं जले चूल्हे
दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के घरों के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। गांव में गम का माहौल था और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। इस दुख की घड़ी में अपने बीच जनप्रतिनिधि के रूप में शहर विधायक को मौजूद देखकर क्षेत्र के लोगों का भी हौसला बढ़ा। पूरे गांव में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा।


