TRENDING TAGS :
Moradabad News: शादी में जाने से मना करने पर विवाद, मारपीट में तीन घायल
Moradabad News: भाई की शादी में शामिल नहीं होने से नाराज पत्नी ने मायके पक्ष के लोगों को बुलाया, पति और ससुराल पक्ष से मारपीट का आरोप, पुलिस सीसीटीवी से कर रही तलाश।
शादी में जाने से मना करने पर विवाद, मारपीट में तीन घायल (Photo- Newstrack)
Moradabad News: मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव भटावली में भाई की शादी में जाने से मना करने पर पारिवारिक विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर पति और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कराई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव भटावली निवासी उस्मान की शादी करीब चार साल पहले अमरोहा जिले के थाना नौगावां सादात क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उस्मान ने बताया कि उसके साले की शादी 18 नवंबर को थी। उसकी पत्नी उसे भी शादी में चलने के लिए कह रही थी, लेकिन उसने खुद शादी में जाने से मना कर दिया। इस बात से उसकी पत्नी और मायके पक्ष के लोग नाराज हो गए थे।
पत्नी के पीछे घर पहुंचे 15 से 16 लोग, मारपीट का आरोप
उस्मान के मुताबिक, बीती रात उसकी पत्नी शादी से वापस घर पहुंची। उसके कुछ ही देर बाद मायके पक्ष के करीब 15 से 16 लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि घर में घुसते ही उन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उस्मान की बहन अफसाना ने बताया कि जब उनके पिता वाहिद हुसैन अपने बेटे उस्मान को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
उस्मान का आरोप है कि उसके साले के साथ कई अन्य लोग भी मौजूद थे। उन्होंने बिना किसी बातचीत के घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने भी अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसके पिता वाहिद हुसैन और नजमा को घायल कर दिया।
जेवर ले जाने का भी लगाया आरोप
उस्मान ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी पत्नी अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर घर से अपने जेवर भी छीनकर ले गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कई लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
फिलहाल वाहिद हुसैन और अफसाना को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
इस मामले में एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।


