Moradabad News: लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त सुरक्षा निर्देश

Moradabad News: लखनऊ अग्निकांड के बाद मुरादाबाद प्रशासन ने फायर सेफ्टी को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। डीएम और एसएसपी ने होटल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर और अन्य संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Sudhir Goyal
Published on: 24 Jun 2026 10:38 PM IST
Moradabad News: लखनऊ अग्निकांड के बाद  प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त सुरक्षा निर्देश
X

Moradabad News

Moradabad News: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मुरादाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने अस्पताल, होटल, कोचिंग सेंटर, रेस्टोरेंट, कैफे और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के सभी संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा और जहां भी मानकों में कमी पाई जाएगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने अग्निकांड से होने वाली जनहानि के प्रति सभी को जागरूक करते हुए कहा कि आग जैसी घटनाएं किसी के साथ भी हो सकती हैं। उन्होंने संचालकों से अपील की कि वे केवल नियमों के पालन को औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए सुरक्षा मानकों को पूरी तरह लागू करें।मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि बैठक में फायर सेफ्टी के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा और अन्य आपदा प्रबंधन संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। सभी संस्थानों को आवश्यक एनओसी प्राप्त करने, प्रवेश और निकास मार्गों की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भवन का स्वीकृत नक्शा प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में लगातार भवनों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक संस्थान को नियमों के उल्लंघन के चलते सील भी किया गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि भवन जिस स्वरूप में स्वीकृत हुआ है, उसका उपयोग भी उसी प्रकार होना चाहिए। यदि स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण या संचालन पाया गया तो मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

Next Story