Moradabad News: नदी में गिरी बाइक, दो बच्चों की जान बची; मां-बच्चा तेज बहाव में बहे

Moradabad News: मुरादाबाद के मझोला में चट्टा पुल से बाइक नदी में गिरी, दो बच्चों को बचाया गया, जबकि मां और एक बच्चा तेज बहाव में बह गए।

Sudhir Goyal
Published on: 29 Aug 2026 12:35 PM IST
Moradabad News:  नदी में गिरी बाइक, दो बच्चों की जान बची; मां-बच्चा तेज बहाव में बहे
X

Moradabad News: जनपद मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में गगन नदी पर बने चट्टा पुल से बाइक नदी में गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर एक युवक अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक पुल से फिसलकर नदी में जा गिरी। हादसे में दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि महिला और एक बच्चा पानी के तेज बहाव में बह गए।

चट्टा पुल से नदी में गिरी बाइक

घटना मझोला थाना क्षेत्र के खदाना चौकी के पास मलकद्दे स्थित चट्टा पुल की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवक अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था। बाइक पर युवक, उसकी पत्नी और तीन बच्चे सवार थे। पुल से गुजरते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक समेत पूरा परिवार नदी में जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिसघटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और खदाना चौकी का स्टाफ करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से मध्य रात्रि तक नदी से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चों को बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

तेज बहाव में बहे मां और एक बच्चा

हादसे में महिला और उसका एक बच्चा नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश के लिए पुलिस की निगरानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय गोताखोर भी लापता मां और बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।स्थानीय गोताखोर रफी के मुताबिक, नदी में पानी का स्तर काफी अधिक है। इसके अलावा नदी में घनी घास होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रातभर जारी रहा सर्च ऑपरेशन

लापता मां और बच्चे की तलाश में रातभर अभियान चलाया गया। पुलिस और स्थानीय गोताखोर नदी के आसपास लगातार सर्च कर रहे हैं। तेज बहाव और पानी की अधिक गहराई के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और लापता महिला व बच्चे की तलाश जारी है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

sudhirgoyal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story