Moradabad News: भोजपुर में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

Moradabad News: मुरादाबाद के भोजपुर में डिलीवरी के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

Manoj Singh
Published on: 13 Aug 2026 4:23 PM IST
Moradabad News
X

Moradabad News(Photo-Social Media)

Moradabad News: जनपद मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के रहमत नगर निवासी 23 वर्षीय विवाहिता की डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ने पर दिल्ली ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों ने सिरसवा गौड़ स्थित एमआई अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भोजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया है।

रहमत नगर निवासी नाजिम पुत्र सद्दीक के मुताबिक, उसने अपनी पत्नी आसिया को 10 अगस्त को डिलीवरी के लिए सिरसवा गौड़ स्थित एमआई अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के करीब 45 मिनट बाद आसिया की हालत अचानक बिगड़ गई।

तहरीर में नाजिम ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के डॉक्टर अली ने डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन करते समय एक बड़ी नस गलत तरीके से काट दी, जिसके बाद उसकी पत्नी की हालत गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे दिल्ली ले जाने के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, आसिया को गंभीर हालत में दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दिल्ली पहुंचने पर एम्स अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला का दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया।

महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन एमआई अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पति नाजिम ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story