Moradabad News: पुलिस की हाईटेक पहल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा से समय और खर्च की होगी बचत

Moradabad News: मुरादाबाद पुलिस ने पुलिस क्लब कचहरी परिसर में आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेंटर शुरू किया। इससे समय, संसाधन और सरकारी खर्च में बचत होगी।

Sudhir Goyal
Published on: 14 May 2026 4:30 PM IST
Moradabad News
X

Moradabad News(Photo-Social Media)

Moradabad News: मुरादाबाद पुलिस ने आधुनिक तकनीक की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस क्लब कचहरी परिसर में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की शुरुआत की है। गुरुवार को नव निर्मित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेंटर का उद्घाटन मुनिराज, डॉ. राजेन्द्र पेसिया एवं सतपाल अंतिल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन द्वारा तैयार किए गए इस हाईटेक सेंटर में कुल छह विशेष कक्ष बनाए गए हैं, जिन्हें डिजिटल तकनीक और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पुलिसकर्मियों को मिलेगी बड़ी राहत

इस दौरान अभियोजन अधिकारी चंद्रप्रकाश मणि त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा शुरू होने से विवेचना कर रहे पुलिसकर्मियों को विभिन्न मामलों में पेशी अथवा अन्य आवश्यक कार्यवाही के लिए दूरदराज के स्थानों पर बार-बार नहीं जाना पड़ेगा। अब जनपद स्तर से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से पुलिस विभाग के समय, मानव संसाधन और सरकारी खर्च में उल्लेखनीय बचत होगी। साथ ही कार्यों में तेजी आएगी और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।

डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा

वहीं सतपाल अंतिल ने कहा कि मुरादाबाद पुलिस लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष शुरू होने से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी तथा न्यायिक प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग से पुलिसकर्मियों का समय बचेगा, जिससे वे कानून-व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों पर अधिक प्रभावी तरीके से ध्यान दे सकेंगे।अधिकारियों ने इसे डिजिटल और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उद्घाटन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story