TRENDING TAGS :
कॉलेज है...तेरे बाप की धर्मशाला नहीं..., प्राचार्य को गिड़गिड़ाते छात्र पर नहीं आया रहम, दी थी ये धमकी
Muzaffarnagar Student Suicide Case Update: मृतक की बहन सलोनी के मुताबिक प्राचार्य प्रदीप कुमार ने उज्ज्वल को धमकी दी थी कि कॉलेज तेरे बाप की धर्मशाला नहीं है। कल क्यों आज ही सुसाइड कर ले।
Muzaffarnagar Student Suicide Case
Muzaffarnagar Student Suicide Case Update: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में अमानवीयता की घिनौनी करतूत सामने आयी है। यहां केवल सात हजार रुपये फीस जमा कराने के विवाद ने छात्र उज्ज्वल राणा की जान चली गयी। मृतक की बहन सलोनी ने स्कूल प्रबंधन, पुलिस के उत्पीड़न और संवेदनहीनता के संगीत आरोप लगाए हैं। सलोनी के मुताबिक प्राचार्य प्रदीप कुमार ने उज्ज्वल को धमकी दी थी कि कॉलेज तेरे बाप की धर्मशाला नहीं है। कल क्यों आज ही सुसाइड कर ले।
यही नहीं पुलिस ने भी उज्ज्वल का उत्पीड़न किया और उसकी पिटाई की थी। साथ ही जेल भेजने की धमकी भी दी। इन घटनाओं से आहत और अपमानित उज्ज्वल ने कॉलेज में खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। सलोनी ने आरोप लगाया कि प्राचार्य ने सभी से यह कहा था कि अगर किसी ने भी उज्ज्वल को बचाने की कोशिश की तो उसे कॉलेज से रेस्टीकेट कर दिया जाएगा। हालांकि कुछ छात्रों ने उज्ज्वल को बचाने की कोशिश की। जिसमें उसके हाथ और बैग जल गए।
फीस जमा करने के लिए मांगी थी मोहलत
उज्ज्वल की बहन सलोनी राणा ने बताया कि उसके भाई ने फीस जमा करने के लिए प्राचार्य से मोहलत मांगी थी लेकिन उन्होंने उसका अपमान किया। धक्के देकर कार्यालय से बाहर भी निकाल दिया था। इसके बाद पीटीआई संजीव कुमार से उसकी पिटाई कराई। उज्ज्वल लगातार चिल्लाता रहा लेकिन प्राचार्य ने पुलिस बुला लिया। एसआई नंद किशोर, सिपाही ज्ञानवीर और विनीत ने भी छात्र की बहुत पिटाई की और जेल भेजने की भी धमकी दी।
प्रबंधक, प्राचार्य ने आरोपों को नकारा
कॉलेज प्रबंधक अरविंद गर्ग ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि छात्र पर कोई भी अनावश्यक दबाव नहीं बनाया गया। सिर्फ आधी फीस जमा करने को कहा गया था। वहीं प्राचार्य ने भी मारपीट की बात को नकारा। कहा कि उन्होंने खुद ही पुलिस को बुलाया
यह था पूरा मामला
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना के डीएवी कॉलेज में पढ़ने वाले बागपत जिले के भड़ल निवासी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल राणा को सात हजार रुपये फीस जमा करने के लिए प्राचार्य ने पीटा था। इसके बाद पुलिस ने भी छात्र के साथ अभद्रता की। आहत छात्र ने क्लास रूम में ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे दिल्ली ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। मेरठ के सरधना निवासी प्राचार्य प्रदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।
आग लगाने से पहले उज्ज्वल ने बनाया था वीडियो
उज्ज्वल ने खुद को आग लगाने से वीडियो जारी कर कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया था। छात्र का कहना था कि सात नवंबर को प्राचार्य प्रदीप कुमार ने ऑफिस में बुलाया और फीस जमा न होने की बात कहकर अभद्रता की। जबकि उसने प्राचार्य को यह बताया था कि वह परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा कर चुका है। एक सप्ताह बाद कॉलेज की फीस भी जमा करा देगा। इस पर प्राचार्य ने उसके साथ गाली गलौज की और फिर पिटाई भी की। छात्र ने कहा था कि प्राचार्य प्रदीप कुमार ने गाली दी, बाल नोंचे और पिटाई की।


