TRENDING TAGS :
Muzaffarnagar News: शिवालय से जल चढ़ाकर लौट रही महिला से इयररिंग स्नैचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
Muzaffarnagar News: शिवालय से जल चढ़ाकर घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो युवकों ने झपटमारी की। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस ने मामला दर्ज कर चार टीमें गठित की हैं।
शिवालय से जल चढ़ाकर लौट रही महिला से इयररिंग स्नैचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात (Photo- Newstrack)
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर से जल चढ़ाकर अपने घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने इयररिंग स्नैचिंग की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद महिला शोर मचाती रही, जबकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात महिला के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पता पूछने के बहाने बदमाशों ने किया झपट्टा
घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की शांति नगर कॉलोनी की है। गुरुवार सुबह अन्नू नाम की महिला मंदिर से अपने घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने पहले महिला से ठाकुर का मकान पूछने का बहाना बनाया। महिला ने उन्हें मकान के बारे में बताया और जैसे ही वह अपने घर के गेट की ओर बढ़ीं, तभी एक बदमाश ने पीछे से उनके कानों में पहने कुंडलों पर झपट्टा मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
महिला घायल हुई, लोगों ने किया पीछा
घटना के दौरान झपट्टा लगने से अन्नू घायल हो गईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पूरी घटना महिला के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पुलिस ने चार टीमों का किया गठन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर लेकर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ नई मंडी ने क्या कहा
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को थाना नई मंडी पर एक महिला के साथ कुंडल छीनने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। घटना के सफल अनावरण के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
पीड़ित महिला ने बताई पूरी घटना
पीड़ित महिला अन्नू ने बताया कि वह सुबह मंदिर गई थीं। मंदिर से लौटते समय उनके पीछे एक मोटरसाइकिल पर दो लोग थे। उनमें से एक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा उनके साथ-साथ चलकर ठाकुर का मकान पूछ रहा था। उन्होंने दोनों को मकान के बारे में बताया। इसके बाद जैसे ही वह अपने घर के गेट की ओर बढ़ीं, तभी पीछे से उनके कानों में पहने सोने के कुंडलों पर झपट्टा मार दिया। उन्होंने बताया कि कुंडल पंजाबी डिजाइन के थे और करीब एक तोले के थे। यह घटना सुबह लगभग साढ़े नौ बजे के आसपास हुई।


