Muzaffarnagar News: पढ़े-लिखे युवकों ने बनाया अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क, तीन गिरफ्तार

Muzaffarnagar News: मेरठ से अवैध हथियार खरीदकर आसपास के जिलों में बेचने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, 10 अवैध तमंचे, कारतूस और स्कूटी बरामद।

Amit Kaliyan
Published on: 25 Jun 2026 5:16 PM IST
Educated youths built illegal arms supply network, three arrested
X

पढ़े-लिखे युवकों ने बनाया अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क, तीन गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस ने तीन ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो पढ़ाई के साथ-साथ अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के कारोबार में शामिल पाए गए। पुलिस के अनुसार यह युवक मेरठ से अवैध हथियार खरीदकर मुजफ्फरनगर और आसपास के जनपदों में उनकी सप्लाई करते थे और इससे अच्छा मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध हथियार, कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

जानकारी के अनुसार भोपा थाना पुलिस बुधवार रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ककराला रजवाहे की पुलिया के पास स्कूटी सवार तीन युवकों को रोककर जांच की गई। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 10 अवैध तमंचे, 15 जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मेरठ निवासी रोहित, निखिल और विकास भाटी के रूप में हुई है।

पढ़ाई के साथ अवैध कारोबार में थे शामिल

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों युवक पढ़े-लिखे हैं। इनमें निखिल ने आईटीआई की पढ़ाई की है। विकास बीए पास करने के बाद एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। वहीं रोहित 12वीं पास है और एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक कॉलेज और पढ़ाई से जुड़े रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में भी सक्रिय थे।

पांच हजार में खरीदकर सात हजार में बेचते थे हथियार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेरठ से एक तमंचा करीब पांच हजार रुपये में खरीदते थे और उसे आसपास के जिलों में सात हजार रुपये तक में बेचते थे। इस तरह प्रत्येक हथियार पर उन्हें अच्छा लाभ मिल जाता था। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे लंबे समय से इस काम में लगे हुए थे और इसी से अतिरिक्त कमाई कर रहे थे।

पुलिस कर रही है नेटवर्क की गहन जांच

मुजफ्फरनगर के एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। थाना भोपा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे, 15 जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। तीनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी मेरठ से हथियार खरीदकर मुजफ्फरनगर में बेचते थे। पुलिस इनके आगे और पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब तक नहीं मिला आपराधिक इतिहास

एसपी ग्रामीण ने बताया कि फिलहाल जांच में तीनों आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। इनमें एक युवक की उम्र 19 वर्ष है जबकि दो युवकों की उम्र 21 वर्ष है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियारों की खरीद और सप्लाई का यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।

मुजफ्फरनगर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों की सप्लाई पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

Next Story