मुजफ्फरनगर: प्लास्टिक के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर; दुकानें खाली कराईं

Muzaffarnagar News: नई मंडी के कुकड़ा चौराहे पर शादी की आतिशबाजी की चिंगारी से गोदाम में भड़की आग, आसपास की दुकानों को खाली कराया गया; आग बुझाने के प्रयास जारी।

Amit Kaliyan
Published on: 21 Nov 2026 11:50 AM IST
मुजफ्फरनगर: प्लास्टिक के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर; दुकानें खाली कराईं
X

Muzaffarnagar Plastic Warehouse Fire

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित कुकड़ा चौराहे पर एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। एहतियात के तौर पर आसपास स्थित दुकानों को आनन-फानन में खाली कराया गया।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।

आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम के पास ही स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह था। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई के समय हुई आतिशबाजी की चिंगारी गोदाम में गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।

अधिकारी का बयान

एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने बताया कि स्थानीय निवासियों से जानकारी मिली है कि बगल के मैरिज हॉल में शादी समारोह के दौरान सुबह पटाखे जलाए गए थे। संभवतः उसी की चिंगारी या फुलझड़ी पास के प्लास्टिक गोदाम में गिरने से आग भड़क गई। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की 6 मशीनें आग बुझाने में जुटी हुई हैं और जल्द ही स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

वरिष्ठ संवाददाता, मुज़फ़्फ़रनगरamitkaliyanmznnews@gmail.com
Next Story