Muzaffarnagar News: प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की ईंटों से पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के खतौली में प्रेम विवाह की रंजिश में अक्षय कुमार पर ईंटों से हमला करने का आरोप है। मेरठ में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।

Amit Kaliyan
Published on: 27 Oct 2026 4:12 PM IST
Muzaffarnagar News: प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की ईंटों से पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
X

Muzaffarnagar News

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कोतवाली क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर चल रही रंजिश में एक युवक की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक को चुना भट्टी रोड पर घेरकर बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एक साल पहले किया था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, खतौली कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर गांव निवासी अक्षय कुमार ने करीब एक साल पहले रसूलपुर गांव की रुदमा से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि इस विवाह के बाद से ही युवती के परिजन अक्षय से रंजिश रखने लगे थे।बताया जा रहा है कि सोमवार, 26 अक्टूबर की शाम अक्षय खतौली के चुना भट्टी रोड पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों को लगा कि अक्षय की मौत हो गई है, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

मेरठ में उपचार के दौरान युवक की मौत

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अक्षय को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान देर रात अक्षय की मौत हो गई।युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम विवाह को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सिटी अमृत जैन ने दी मामले की जानकारी

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 26 अक्टूबर की शाम पुलिस को अक्षय नामक युवक के घायल अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।उन्होंने बताया कि शुरुआत में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और साक्ष्यों के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वर्ष 2025 में अक्षय युवती के साथ घर से चला गया था और बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश होने की आशंका है।एसपी सिटी ने कहा कि घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सभी संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

मृतक के चाचा ने की आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग

मृतक अक्षय के चाचा इंद्र कुमार ने बताया कि अक्षय उनका भतीजा था। उनके अनुसार, अक्षय सोमवार को खतौली आया था, जहां चार-पांच लोगों ने मिलकर उस पर हमला किया। घटना के बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।इंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि हमले में शामिल लोगों में युवती के परिवार के सदस्य भी शामिल थे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।परिजनों का कहना है कि वे अक्षय को न्याय दिलाना चाहते हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी चाहते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

वरिष्ठ संवाददाता, मुज़फ़्फ़रनगरamitkaliyanmznnews@gmail.com
Next Story