TRENDING TAGS :
Muzaffarnagar News: कांवड़ियों पर CM योगी ने बरसाए फूल, शिव चौक पर उमड़ा जनसैलाब
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की, शिव चौक पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल मौजूद रहे।
Muzaffarnagar News: कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान नगर की हृदयस्थली शिव चौक पर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ सैकड़ों की संख्या में नगरवासी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर मौजूद रहे।
पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कांवड़ मार्ग से होते हुए मेरठ की ओर रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा करने पर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।पुष्पवर्षा के बाद यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बेहद प्रसन्नता और सौभाग्य का विषय है कि प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री और सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक योगी आदित्यनाथ ने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शिव चौक पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। उन्होंने करोड़ों शिवभक्तों और कांवड़ियों का अभिवादन कर उनका सम्मान और उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरे जनपद, जिला प्रशासन, शिवभक्तों और व्यापारी भाइयों की ओर से हार्दिक अभिनंदन और धन्यवाद करता हूं। मुख्यमंत्री कांवड़ियों के प्रति स्नेह और आत्मीयता रखते हैं। वह कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जाने वाले शिवभक्तों का लगातार उत्साहवर्धन करते हैं।
कांवड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाओं का दावा
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शासन की ओर से कांवड़ के लिए निर्धारित मानकों का पालन कराया जा रहा है। मानक से बड़ी कांवड़ को लेकर कुछ व्यवस्थाएं अलग रखी गई हैं, जबकि निर्धारित मानक वाली कांवड़ों के लिए मार्ग पर सुचारू आवागमन की व्यवस्था की गई है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमा से लेकर कांवड़ियों के गंतव्य तक बिजली, सफाई, सुरक्षा, भोजन और जलपान समेत तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। मुजफ्फरनगर और पूरे प्रदेश में कांवड़ियों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि कई कांवड़ियों ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया है।
कांवड़ सेवा शिविरों के सेवादारों का भी आभार
मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में केवल सरकार और प्रशासन की ही भूमिका नहीं है, बल्कि कांवड़ सेवा शिविर लगाने वाले सेवादार, दानदाता और स्थानीय लोग भी लगातार योगदान दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से सभी सेवा शिविर संचालकों और सेवादारों का आभार जताया।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिसकर्मियों, महिला पुलिसकर्मियों, स्काउट एंड गाइड्स, युवाओं और उन सभी लोगों का भी धन्यवाद किया, जो समय और संसाधन लगाकर कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तमाम लोग बिना किसी प्रचार के निरंतर शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


